
एनएच-134 बड़कोट स्थानीय समस्याओं के समाधान की ओर सक्रिय, अधिशासी अभियंता ने दिए युद्धस्तर पर कार्य पूरे करने के निर्देश ।
बड़कोट। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-134) खंड बड़कोट के अधिशासी अभियंता मनोज रावत ने स्वास्थ्य लाभ के बाद कार्यभार संभालते ही विभागीय कार्यों की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने धरासू से जानकीचट्टी तक चल रहे निर्माण एवं सुरक्षा कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को सभी लंबित कार्य युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून और आपदा की दृष्टि से संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरे किए जाएं, ताकि यमुनोत्री यात्रा मार्ग सुरक्षित रहे और यात्रियों व स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अधिशासी अभियंता ने स्यानाचट्टी क्षेत्र में लगातार हो रहे भूस्खलन के स्थायी समाधान के लिए स्लोप ट्रीटमेंट कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि यमुनोत्री हाईवे पर यातायात हर परिस्थिति में सुचारू बनाए रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसी बीच राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग स्थानीय जनता की समस्याओं के समाधान की दिशा में भी सक्रिय नजर आ रहा है। जिलाधिकारी उत्तरकाशी के निर्देशों के तहत एनएच-134 के राइट ऑफ वे (ROW) से बाहर स्थित 16 प्रभावित परिसंपत्तियों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान क्षति के कारणों, निर्माण पद्धति, स्लोप फेल्योर तथा अन्य तकनीकी पहलुओं का विस्तृत परीक्षण किया गया। इस संयुक्त जांच में लोक निर्माण विभाग, प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल रहे।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि विभाग निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ प्रभावित लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए भी सकारात्मक पहल कर रहा है। लोगों ने उम्मीद जताई कि जांच रिपोर्ट के आधार पर लंबित मामलों का भी जल्द समाधान होगा और प्रभावित परिवारों को राहत मिलेगी।

