HTML tutorial

धामी का वन-क्लिक पेंशन धमाका! 9.91 लाख लाभार्थियों के खातों में पहुंचे 147 करोड़ रुपये ।

Pahado Ki Goonj

धामी का वन-क्लिक पेंशन धमाका! 9.91 लाख लाभार्थियों के खातों में पहुंचे 147 करोड़ रुपये ।

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने वन-क्लिक के माध्यम से अगस्त 2026 माह की पेंशन जारी करते हुए 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के खातों में 147 करोड़ 05 लाख रुपये की धनराशि भेजी।
इस दौरान अगस्त माह में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन भी स्वीकृत की गई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ सरल और समयबद्ध तरीके से मिले।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि जिन पात्र लाभार्थियों का किसी कारणवश आधार कार्ड नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिन्हित कर अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था की जाए, ताकि आधार संबंधी समस्या के कारण कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन से वंचित न रहे।
प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया गया कि अगस्त 2026 में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली एवं बौना पेंशन योजनाओं के तहत कुल 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के लिए 147 करोड़ 05 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।
कुल लाभार्थियों में 2 लाख 14 हजार 711 लाभार्थी राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के अंतर्गत, जबकि 7 लाख 77 हजार 203 लाभार्थी राज्य स्तर की योजनाओं से आच्छादित हैं। अगस्त माह के भुगतान में करीब 140 करोड़ 11 लाख रुपये राज्यांश और 6 करोड़ 94 लाख रुपये केंद्रांश शामिल है।
अगस्त माह में स्वीकृत 5,605 नई पेंशनों में 3,945 वृद्धावस्था पेंशन, 1,000 विधवा पेंशन, 416 दिव्यांग पेंशन, 106 किसान पेंशन, 23 परित्यक्ता पेंशन और 115 भरण-पोषण अनुदान के लाभार्थी शामिल हैं।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार द्वारा 18 और 19 सितंबर 2026 को डॉ. अम्बेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र, जनपथ, नई दिल्ली में दो दिवसीय राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें केंद्र, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता से जुड़ी प्रमुख प्राथमिकताओं पर संवाद होगा।
इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री खजानदास, सचिव समाज कल्याण डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी, अपर सचिव विक्रम यादव, संयुक्त सचिव धीरेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल, सहायक निदेशक हेमलता पांडेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

नेपाल आपदा के चलते हरितालिका तीज महोत्सव स्थगित ।

नेपाल आपदा के चलते हरितालिका तीज महोत्सव स्थगित बड़कोट। अखिल भारतीय राष्ट्रीय गोरखाली समुदाय की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश राणा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में हरितालिका तीज महोत्सव 2026 तथा नेपाल में आई विनाशकारी प्राकृतिक आपदा पर चर्चा की गई। बैठक में तीज समिति […]

You May Like