दिल्ली की परेड का सपना, बड़कोट में शुरू हुई NCC कैडेट्स की अग्निपरीक्षा
गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयन एवं प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, 110 कैडेट्स ले रहे प्रशिक्षण ।
उत्तरकाशी/बड़कोट। गणतंत्र दिवस की भव्य परेड में कदमताल करने का सपना लिए एनसीसी कैडेट्स की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बड़कोट नगर पालिका के हेलीपैड मैदान में मंगलवार से 3 यूके बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में गणतंत्र दिवस परेड के लिए कैडेट्स के चयन एवं प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से चयनित कैडेट्स उत्साह के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं।
पीआई सूबेदार के. नागेश्वर राव ने बताया कि 15 से 25 सितंबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में एसडब्ल्यू के 25, एसडी के 25, जेडी के 50 और जेडब्ल्यू के 10 कैडेट्स सहित कुल 110 कैडेट्स प्रतिभाग कर रहे हैं। इनमें डिग्री कॉलेज, न्यू होली लाइफ इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज हुडोली, राजकीय इंटर कॉलेज डामटा, खरादी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के कैडेट्स शामिल हैं।
शिविर में कैडेट्स को गणतंत्र दिवस परेड के लिए ड्रिल, अनुशासन, शारीरिक दक्षता और विभिन्न आवश्यक गतिविधियों का गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के साथ-साथ कैडेट्स के प्रदर्शन का आकलन कर आरडीसी के अगले चरण के लिए चयन भी किया जाएगा।
सूबेदार नागेश्वर राव ने बताया कि बड़कोट शिविर के बाद चयनित कैडेट्स को देहरादून स्थित आरडीसी कैंप भेजा जाएगा। यहां आरडीसी-1, आरडीसी-2 और आरडीसी-3 चरणों में चयन प्रक्रिया होगी। इन चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स का अंतिम चयन गणतंत्र दिवस परेड के लिए किया जाएगा। चयनित कैडेट्स को नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में देश के सामने कदमताल करने का अवसर मिलेगा।
शिविर में पीआई सूबेदार के. एन. राव, हवलदार ओकराम, नायक राजेश तथा एएनओ लेफ्टिनेंट विनय शर्मा कैडेट्स को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दे रहे हैं। शिविर शुरू होने के साथ ही कैडेट्स में दिल्ली की गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा है।

