HTML tutorial

सीएम धामी के आश्वासन से खत्म हुआ 17 दिनों का धरना, बनचौरा की मांगों पर जल्द कार्रवाई का भरोसा

Pahado Ki Goonj

सीएम धामी के आश्वासन से खत्म हुआ 17 दिनों का धरना, बनचौरा की मांगों पर जल्द कार्रवाई का भरोसा

देहरादून/उत्तरकाशी। यमुनोत्री विधानसभा के बनचौरा क्षेत्र की पांच सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले 17 दिनों से चल रहा धरना मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। मुख्यमंत्री से सकारात्मक वार्ता के बाद क्षेत्रवासियों ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया।

क्षेत्रवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल कैबिनेट मंत्री खजानदास और भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने बनचौरा क्षेत्र की पांच सूत्रीय मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा।

मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की मांगों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने संवाद और सकारात्मक पहल के माध्यम से धरना समाप्त होने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

चौहान ने कहा कि 17 दिनों का संघर्ष बनचौरा क्षेत्र की एकजुटता, धैर्य और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने के संकल्प का प्रतीक रहा है। धरना भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन क्षेत्र के विकास और मांगों को पूरा कराने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के अनुरूप पांच सूत्रीय मांगों पर शीघ्र कार्रवाई होगी और विकास कार्य जल्द धरातल पर दिखाई देंगे। क्षेत्रवासियों की ओर से मुख्यमंत्री को बनचौरा में विकास कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम के लिए आमंत्रित भी किया गया।

मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि यमुनोत्री क्षेत्र के विकास को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने कभी आम जनता को निराश नहीं किया है और वे हमेशा अपने वादों व उम्मीदों पर खरे उतरे हैं। क्षेत्र का विकास, क्षेत्रवासियों के अधिकार और जनहित की आवाज को मजबूती से उठाना भाजपा की प्राथमिकता है।

प्रतिनिधिमंडल में दशगी हातड़ बिष्ट पट्टी संघर्ष समिति के सचिव जगवीर सिंह रावत, सदस्य जिला पंचायत दशगी दीपेंद्र कोहली, ब्लॉक अध्यक्ष प्रधान संगठन चिन्यालीसौड़ अक्वीर सिंह राणा, इंद्रपाल सिंह राणा, ब्रह्मानंद मिश्रा, वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीपाल चौहान, विजय बड़ौनी, जयप्रकाश भट्ट, पूर्व ब्लॉक प्रमुख डॉ. शैलेंद्र कोहली, अनोज भट्ट ग्राम प्रधान मोरगी, नीतीश रमोला, बिपिन राणा और मनवीर महंत सहित अन्य लोग शामिल रहे।

You May Like