
बिलौंदी पुल बाजार में बारिश का कहर: दुकानों में घुसा मलबा, उत्तरकाशी-देहरादून मार्ग बाधित
देहरादून
टिहरी जिले के थत्यूड़ क्षेत्र में शुक्रवार शाम अचानक हुई भारी बारिश ने बिलौंदी पुल बाजार में तबाही मचा दी। थान भवान के पास स्थित बिलौंदी पुल क्षेत्र में तेज बारिश के चलते नाला अचानक उफान पर आ गया, जिससे भारी मात्रा में मलबा और बारिश का पानी बाजार की कई दुकानों में घुस गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और व्यापारी अपनी दुकानों से सामान बचाने में जुट गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में नाला विकराल रूप ले बैठा। पानी के साथ आए मलबे ने बाजार क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई दुकानों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और जनहानि टल गई।
भारी मलबा सड़क पर आने से उत्तरकाशी-सुवाखोली-देहरादून मोटर मार्ग भी बाधित हो गया। सड़क बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं तथा मार्ग खोलने का कार्य शुरू किया गया।
क्षेत्र में लगातार बदलते मौसम और बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश से भूस्खलन और नालों के उफान का खतरा बढ़ गया है।

