HTML tutorial

असम की बाढ़ में उत्तराखंड का हाथ, रेडक्रास ने भेजी ₹63 हजार की मदद। 

Pahado Ki Goonj

असम की बाढ़ में उत्तराखंड का हाथ, रेडक्रास ने भेजी ₹63 हजार की मदद। 

देहरादून। असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए उत्तराखंड रेडक्रास ने मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश की है। भारतीय रेडक्रास सोसायटी की उत्तराखंड राज्य शाखा ने प्रदेश के विभिन्न जिलों को सक्रिय करते हुए विशेष डोनेशन ड्राइव शुरू कर बाढ़ पीड़ितों के लिए आर्थिक सहायता जुटाई।
राज्य चेयरमैन ओंकार बहुगुणा एवं राज्य मैनेजिंग कमेटी की प्रेरणा और पहल पर शुरू किए गए अभियान में कुमाऊं मंडल में दीपक पाठक और गढ़वाल मंडल में अजय सेमवाल ने समन्वय की जिम्मेदारी संभाली।
अभियान के प्रथम चरण में उत्तरकाशी, अल्मोड़ा और चमोली जिला रेडक्रास इकाइयों के स्वयंसेवकों, जिला चेयरमैन एवं जिला सचिवों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। तीनों जिलों से जुटाई गई 63 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मंगलवार को भारतीय रेडक्रास सोसायटी की असम राज्य शाखा को भेज दी गई।
असम रेडक्रास के राज्य चेयरमैन ए.के. हजारिका ने उत्तराखंड रेडक्रास की इस पहल का स्वागत करते हुए राज्य शाखा, राज्य मैनेजिंग कमेटी और सहयोगी जिला इकाइयों का आभार जताया। उन्होंने इसे मानवता, सेवा और आपसी सहयोग की अनुकरणीय मिसाल बताया।
उत्तराखंड रेडक्रास की इस पहल की विभिन्न स्तरों पर सराहना हो रही है। आपदा की घड़ी में देश के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक मदद पहुंचाने का यह प्रयास रेडक्रास के मूल सिद्धांतों—मानवता, निष्पक्षता और सेवा—को साकार करता है।
राज्य चेयरमैन ओंकार बहुगुणा के नेतृत्व में शुरू इस अभियान ने साफ संदेश दिया है कि आपदा की कोई सीमा नहीं होती और संकट के समय इंसानियत सबसे बड़ा धर्म है।

You May Like