
मोरी में नशा तस्करी का बड़ा खुलासा, 1.647 किलो चरस के साथ हरियाणा के तीन युवक गिरफ्तार
स्कॉर्पियो से हो रही थी चरस की तस्करी, पुलिस ने 3.30 लाख रुपये की चरस पकड़ी, वाहन सीज; पुलिस टीम को मिला 2500 रुपये का इनाम
उत्तरकाशी। त्योहारी सीजन में नशा तस्करों के खिलाफ उत्तरकाशी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मोरी पुलिस ने चेकिंग के दौरान स्कॉर्पियो वाहन से 1 किलो 647 ग्राम अवैध चरस बरामद कर हरियाणा के पानीपत निवासी तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन को भी सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार 4 नवंबर को मोरी-नेटवाड़ रोड पर देई झूला पुल जाने वाले रास्ते के पास पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान स्कॉर्पियो वाहन संख्या HR 60P 0429 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से भारी मात्रा में चरस बरामद होने पर उसमें सवार तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान राघव गाड़ी (21 वर्ष), सन्नी गौतम (25 वर्ष) और हिमांशु (22 वर्ष), निवासी पानीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ थाना मोरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई एसपी उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देश पर सीओ बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में दीपक रावत, गणेश राणा, अनिल तोमर, अजय रमोला, प्रमोद सिंह और राहुल सिंह शामिल रहे।
एसपी कमलेश उपाध्याय ने पुलिस टीम के कार्यों की सराहना करते हुए टीम को 2500 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि दीपावली सहित त्योहारी सीजन को देखते हुए जनपद में नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चेकिंग अभियान तेज किया गया है। नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
नशा तस्करों पर लगातार कस रहा शिकंजा
उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 32 मुकदमों में 44 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 61.70 लाख रुपये कीमत की 13.6 किलोग्राम से अधिक चरस और 88.21 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसके अलावा नशे के अवैध कारोबार में शामिल चार आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।


