HTML tutorial
HTML tutorial

युवाओं और खिलाड़ियों को CM धामी का बड़ा तोहफा! PRD जवानों का बढ़ेगा मानदेय, हर ग्राम पंचायत में खुलेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब

Pahado Ki Goonj

युवाओं और खिलाड़ियों को CM धामी का बड़ा तोहफा! PRD जवानों का बढ़ेगा मानदेय, हर ग्राम पंचायत में खुलेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब

‘रन फॉर यूनिटी’ में मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं, खेल प्रतियोगिताओं में 32 की जगह होंगे 50 खेल; मुख्यमंत्री कप की इनामी राशि भी 5 से बढ़ाकर 10 लाख रुपये

देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं और खिलाड़ियों के लिए घोषणाओं की झड़ी लगा दी। मुख्यमंत्री ने न केवल युवाओं को एकता और अनुशासन का संदेश दिया, बल्कि खेलों को बढ़ावा देने और पीआरडी जवानों के हित में कई बड़े फैसलों का ऐलान भी किया।

मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा करते हुए कहा कि इस संबंध में जल्द बैठक आयोजित की जाएगी। साथ ही प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब बनाए जाएंगे, ताकि गांवों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिल सके।

मुख्यमंत्री ने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र के पास खाली भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित करने की घोषणा की। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। इससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ सेना में भर्ती की तैयारी का भी बेहतर अवसर मिलेगा।

खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में भी होगा इजाफा

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार राशि बढ़ाई जाएगी। न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पहले से अधिक पुरस्कार मिलेगा।

सबसे बड़ी घोषणा मुख्यमंत्री कप को लेकर रही। प्रतियोगिता में ओवरऑल विजेता जनपद को मिलने वाली पुरस्कार राशि 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है। वहीं वर्तमान में 32 खेलों में आयोजित होने वाली मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में अब 50 खेल शामिल किए जाएंगे। इनमें उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को भी विशेष स्थान दिया जाएगा।

सरदार पटेल को किया नमन, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

मुख्यमंत्री ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व से देश की रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत किया।

उन्होंने कहा कि देश की सबसे पहली पहचान भारतीय होना है। युवाओं से खेल, योग और नियमित व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।

जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे पर जताया शोक

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बदरीनाथ धाम से लौटते समय जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुःख जताया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला, खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और युवा मौजूद रहे।

You May Like