
जन्मशताब्दी महोत्सव की गूंज देश-दुनिया तक पहुंचाने में मीडिया सेंटर बना मजबूत सेतु, पत्रकारों को मिली हर अहम जानकारी
नई दिल्ली, 2 नवंबर। अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी के जन्मशताब्दी महोत्सव की भव्यता और संदेश को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने में मीडिया ब्रीफिंग सेंटर ने अहम भूमिका निभाई। तीन दिवसीय आयोजन में यह केंद्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया के लिए सूचनाओं का प्रमुख केंद्र बना रहा।
महोत्सव के दौरान मीडिया ब्रीफिंग सेंटर ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल मीडिया और समाचार एजेंसियों के पत्रकारों को आयोजन की प्रत्येक महत्वपूर्ण गतिविधि, विशिष्ट अतिथियों के आगमन, संबोधनों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और उपलब्धियों की तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराई। पत्रकारों और आयोजन समिति के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समाचारों के त्वरित संकलन और प्रसारण को भी गति दी।
मीडिया प्रतिनिधियों को महोत्सव की पृष्ठभूमि, उद्देश्य और उसके सामाजिक एवं आध्यात्मिक महत्व से भी विस्तार से अवगत कराया गया। ब्रीफिंग के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जन्मशताब्दी महोत्सव महज एक स्मृति आयोजन नहीं, बल्कि नारी जागरण, विचार क्रांति, व्यक्तित्व निर्माण और विश्व कल्याण के व्यापक अभियान का प्रतीक है।
मीडिया सेंटर के माध्यम से गुरुदेव एवं माताजी के विचारों, भारतीय संस्कृति और युग निर्माण के संकल्पों को देश की सीमाओं से आगे वैश्विक जनमानस तक पहुंचाने का प्रभावी प्रयास किया गया। इस तरह मीडिया ब्रीफिंग सेंटर जन्मशताब्दी महोत्सव की आवाज को दुनिया तक पहुंचाने वाला एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा।


