
मोरी में चरस तस्करी का भंडाफोड़, 1.223 किलो चरस के साथ 44 वर्षीय तस्कर गिरफ्तार
उत्तरकाशी पुलिस की कार्रवाई, बरामद चरस की कीमत करीब 2.40 लाख रुपये; वर्ष 2026 में अब तक 41 तस्कर गिरफ्तार2026
उत्तरकाशी। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ उत्तरकाशी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में मोरी पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को 1 किलो 223 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर की शाम मोरी-सांकरी मार्ग पर जखोल-सांकरी तिराहे के पास फफराला खड्ड में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में मिले किशन मौर्य (44 वर्ष) की तलाशी लेने पर उसके पास से 1 किलो 223 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान किशन मौर्य पुत्र स्वर्गीय राम दुलारे, निवासी ग्राम लालपुर, थाना बिनावर, दातागंज, जनपद बदायूं (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी राजपुर, देहरादून के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना मोरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन, सीओ बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में कांस्टेबल गणेश राणा और अनिल तोमर शामिल रहे।
नशा तस्करी के 31 मुकदमे, 41 आरोपी गिरफ्तार
उत्तरकाशी पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 31 मुकदमे दर्ज कर 41 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 58.40 लाख रुपये कीमत की 12 किलो से अधिक चरस और 88.21 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसके अलावा नशे के अवैध कारोबार में शामिल चार आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


