
मुख्यमंत्री धामी ने किया कुंजापुरी मेले की स्वर्ण जयंती का शुभारंभ, 19 अक्टूबर तक होंगे कार्यक्रम
टिहरी।नरेंद्रनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नरेंद्रनगर में 50वें सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का ध्वजारोहण कर शुभारंभ किया। नवरात्रि के प्रथम दिन शुरू हुए इस नौ दिवसीय मेले में मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक झांकियों का अवलोकन किया और विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी।
मुख्यमंत्री ने मेले की स्वर्ण जयंती पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का प्रतीक है। सरकार टिहरी जनपद में पर्यटन विकास के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों, होमस्टे और पर्यटन गतिविधियों के माध्यम से स्वरोजगार तथा पलायन रोकने के प्रयासों पर भी जोर दिया।
मेले में छोलिया नृत्य, मां कुंजापुरी, महिषासुर मर्दिनी और बदलते नरेंद्रनगर सहित विभिन्न विषयों पर आकर्षक सांस्कृतिक झांकियां प्रस्तुत की गईं। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने भी मेले की स्वर्ण जयंती पर शुभकामनाएं दीं।
11 से 19 अक्टूबर तक चलने वाले मेले में खेलकूद, विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। पद्मश्री डॉ. बसंती बिष्ट, नरेंद्र सिंह नेगी, मीना राणा, किशन महिपाल, पांडवाज बैंड सहित कई कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। मेले का समापन जागर सम्राट पद्मश्री प्रीतम भरतवाण के जागर गायन के साथ होगा।


