भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत विशेष गहन पुनरीक्षण की कार्यवाही जारी*
*देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 19,131 प्रकरणों की सुनवाई शत-प्रतिशत पूर्ण, निर्धारित तिथि से तीन दिन पहले हासिल किया लक्ष्य*
*सूचना/टिहरी/22 अगस्त, 2026;* भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जनपद टिहरी गढ़वाल में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की कार्यवाही निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार की जा रही है।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित निर्वाचक नामावली के अनुसार जनपद के छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 994 मतदान केंद्र तथा 4,63,628 मतदाता हैं। इनमें घनसाली विधानसभा क्षेत्र में 85,081, देवप्रयाग में 75,437, नरेंद्रनगर में 79,199, प्रतापनगर में 74,237, टिहरी में 66,877 तथा धनोल्टी में 82,797 मतदाता शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि प्रकाशित निर्वाचक नामावली के उपरांत अनमैप एवं विसंगति की श्रेणी में चिह्नित निर्वाचकों को नोटिस वितरित कर सुनवाई एवं सत्यापन की कार्यवाही की जा रही है। जनपद में कुल 1,17,501 नोटिस जारी एवं वितरित किए गए हैं, जिनमें से अब तक 1,07,333 प्रकरणों में सुनवाई पूर्ण की जा चुकी है।
*देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में शत-प्रतिशत सुनवाई पूर्ण*

विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में कुल 19,131 नोटिस जनरेट किए गए थे तथा सभी 19,131 नोटिस संबंधित निर्वाचकों को वितरित किए जा चुके हैं। विधानसभा क्षेत्र-10 देवप्रयाग में जारी किए गए सभी नोटिसों के सापेक्ष सुनवाई की प्रक्रिया शत-प्रतिशत पूर्ण कर ली गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में सुनवाई पूर्ण करने की अंतिम निर्धारित तिथि 25 अगस्त 2026 थी, लेकिन निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों के समन्वित प्रयासों से 22 अगस्त 2026 को ही सभी 19,131 प्रकरणों की सुनवाई पूर्ण कर निर्धारित लक्ष्य हासिल कर लिया गया। इस प्रकार देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में निर्धारित समय से तीन दिन पूर्व ही शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया गया है।
उन्होंने बताया कि अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी निर्धारित समय-सीमा के अनुसार सुनवाई एवं सत्यापन की कार्यवाही जारी है। प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में सुनवाई की अंतिम तिथि 25 अगस्त, धनोल्टी में 27 अगस्त तथा घनसाली, नरेंद्रनगर एवं टिहरी विधानसभा क्षेत्र में 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य निर्वाचक नामावली को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाना है। इसके लिए नोटिस वितरण, सुनवाई, सत्यापन एवं प्रकरणों के निस्तारण की कार्यवाही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जा रही है, ताकि अंतिम निर्वाचक नामावली को निर्धारित समय-सीमा में त्रुटिरहित रूप से तैयार किया जा सके। एसआईआर के तहत प्राप्त प्रारूप-6, 7 एवं 8 के प्रकरणों का भी समयबद्ध निस्तारण किया जाना है। संबंधित अधिकारियों को जांच, सत्यापन एवं सुनवाई की कार्यवाही निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
आगे पढ़े
टिहरी गढ़वाल, 22 अगस्त 2026
*राष्ट्रीय ध्वज की मर्यादा बनाए रखने की अपील*
भारतीय झण्डा संहिता, 2002 (वर्ष 2021 एवं 2022 में यथासंशोधित) तथा राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 के प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि राष्ट्रीय, सांस्कृतिक एवं खेलकूद के महत्वपूर्ण अवसरों पर उपयोग किए जाने वाले कागज के राष्ट्रीय ध्वजों की मर्यादा बनाए रखें। समारोह समाप्त होने के बाद कागज के झण्डों को न तो विकृत किया जाए और न ही जमीन पर फेंका जाए। ऐसे झण्डों का निस्तारण उनकी गरिमा एवं सम्मान के अनुरूप एकांत में किया जाए।
जिला प्रशासन द्वारा सभी विभागों, कार्यालयों एवं संस्थाओं को उक्त प्रावधानों के प्रति जागरूकता फैलाने निर्देश दिए हैं।
आगे पढ़ें
टिहरी गढ़वाल, 22 अगस्त 2026 (सू.वि.)
*श्रम विभाग की आर्थिक सहायता संबंधी सेवाएं जिला मुख्यालय नई टिहरी से मिलेंगी*
श्रम प्रवर्तन अधिकारी टिहरी गढ़वाल आईशा ने बताया कि श्रम विभाग से प्राप्त होने वाली विभिन्न प्रकार की आर्थिक सहायता संबंधी सेवाएं एवं आवेदन संबंधी कार्य वर्तमान में जिला मुख्यालय नई टिहरी स्थित कार्यालय से ही संचालित किए जाएंगे।
कार्यालय के शिफ्टिंग एवं सुव्यवस्थित किए जाने का कार्य चल रहा है, जिसके कारण लगभग एक सप्ताह तक विभागीय सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध होने में असुविधा हो सकती है। उन्होंने श्रमिकों एवं लाभार्थियों से अपील की है कि कार्यालय शिफ्टिंग एवं व्यवस्थाओं के कार्य के दौरान अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर न काटें। विभागीय कार्य व्यवस्थित होने के बाद आर्थिक सहायता संबंधी सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में विवाहोपरान्त आर्थिक सहायता के कुल 180 आवेदन विभाग को प्राप्त हुए हैं। इनमें से 175 आवेदनों को संस्तुति सहित अग्रसारित किया जा चुका है, जबकि 05 आवेदनों पर आपत्ति दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त मृत्योपरान्त आर्थिक सहायता के 02 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिन्हें आवश्यक कार्यवाही के बाद अग्रसारित कर दिया गया है।
उन्होंने लाभार्थियों से विभागीय कार्यप्रणाली में सहयोग करने तथा कार्यालय की व्यवस्थाएं सामान्य होने तक धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
आगे पढ़ें
*राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज दौंक की छात्राओं ने जवानों संग मनाया रक्षाबंधन*
*सुरक्षा बलों के जवानों को राखी बांधकर व्यक्त किया सम्मान और कृतज्ञता*
*सूचना/टिहरी/22 अगस्त, 2026;* आगामी पावन पर्व रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज दौंक की छात्राओं ने देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस दौरान छात्राओं ने भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल, भारतीय सेना तथा राष्ट्रीय कैडेट कोर के अधिकारियों एवं जवानों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके दीर्घायु एवं सुरक्षित जीवन की कामना की।
प्रधानाचार्य राम औतार ने बताया कि विद्यार्थियों ने सुरक्षा बलों के अधिकारियों एवं जवानों से आत्मीय भेंट कर उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। छात्राओं ने जवानों को तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया तथा राखी बांधी। इस अवसर पर सुरक्षा बलों के अधिकारियों एवं जवानों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उनकी शिक्षा, अध्ययन तथा भविष्य के लक्ष्यों को लेकर संवाद करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने एवं राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विशेष शिक्षा शिक्षक आशीष सगोई एवं कला अध्यापिका इंदु सैनी सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
आगे पढ़ें
टिहरी गढ़वाल, 22 अगस्त 2026 (सू.वि.)
*नेपाल इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ियों का राजभवन में सम्मान*
नेपाल में आयोजित इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले जनपद टिहरी गढ़वाल के खिलाड़ियों को महामहिम राज्यपाल द्वारा राजभवन में सम्मानित किया गया।
इंस्ट्रक्टर विश्वनाथ राजपूत ने अवगत कराया कि प्रतियोगिता में मुनि की रेती के स्टेडियम के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य पदक अपने नाम किए। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत और नियमित अभ्यास किया, जिसका परिणाम उन्हें पदकों के रूप में मिला। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बच्चों ने पूरी लगन और मेहनत के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के 14-16 वर्ष बालिका वर्ग में आराध्या भंडारी ने फाइट इवेंट में रजत तथा काता इवेंट में कांस्य पदक जीता। मानस्वी शर्मा ने काता में रजत और फाइट इवेंट में कांस्य पदक हासिल किया। हर्षित भट्ट ने काता और फाइट, दोनों स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीते।
वहीं करण कुमार ने फाइट इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक तथा काता इवेंट में कांस्य पदक प्राप्त किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल विभाग एवं स्टेडियम के प्रशिक्षकों ने खुशी व्यक्त करते हुए सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं नियमित अभ्यास को दिया।







