HTML tutorial

गैंगस्टर एक्ट के दो वांछित नशा तस्कर गिरफ्तार ।

Pahado Ki Goonj

गैंगस्टर एक्ट के दो वांछित नशा तस्कर गिरफ्तार ।

उत्तरकाशी। जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ उत्तरकाशी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ एवं ‘नशामुक्त उत्तराखंड’ अभियान के तहत थाना मोरी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस गिरफ्त से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपदभर में नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना मोरी में सितंबर 2025 में अवैध नशे के कारोबार में लगातार संलिप्त रहने वाले तीन तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की धारा 2(ख)(II)/3(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इनमें शामिल सरदास और पंकज दास फरार चल रहे थे।
पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट  चंचल शर्मा के निकट पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मोरी  दीपक रावत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार पतारसी-सुरागरसी, संभावित ठिकानों पर दबिश और मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए 5 जुलाई 2026 की शाम दोनों वांछित आरोपियों को मोरी-नेटवाड़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सरदास पुत्र पूर्णदास (35 वर्ष) तथा पंकज दास पुत्र कमल दास (26 वर्ष), दोनों निवासी नेटवाड़, थाना मोरी के रूप में हुई है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया गया है। जनवरी 2026 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के 22 मामलों में 27 तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने इन मामलों में 8 किलोग्राम से अधिक चरस, 58.6 ग्राम स्मैक तथा करीब 42 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए हैं। इसके अलावा नशे के कारोबार में लगातार लिप्त अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026 में अब तक चार नशा तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट लगाया जा चुका है।

You May Like