केतन लाल प्रकरण: नरेंद्रनगर में रोका गया भीम आर्मी का काफिला, स्थानीय लोगों ने जताया विरोध ।
नरेंद्रनगर/टिहरी गढ़वाल। केतन लाल प्रकरण को लेकर टिहरी जनपद का दौरा करने जा रहे भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मजीत सिंह नोटियाल और उनके समर्थकों को रविवार को नरेंद्रनगर में प्रशासन द्वारा रोक दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भीम आर्मी के प्रस्तावित दौरे का स्थानीय स्तर पर विरोध किया जा रहा था। विरोध कर रहे लोगों का आरोप था कि बाहरी संगठनों द्वारा मामले को राजनीतिक एवं जातीय स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र का सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए भीम आर्मी के काफिले को नरेंद्रनगर में ही रोक दिया। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार के तनाव या विवाद की संभावना को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है।
इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वहीं, स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों की नजरें अब प्रशासन तथा मामले की जांच में होने वाली आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
हालांकि, इस मामले में प्रशासन या भीम आर्मी की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान सामने आना अभी बाकी है।

