
राना गांव में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया
यमुनोत्री/उत्तरकाशी। श्री यमुनोत्री धाम के समीप राना गांव में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कथा पंडाल में कृष्ण जन्म की झांकियों और भजनों के बीच श्रद्धालुओं ने जन्मोत्सव का आनंद लिया।
कथावाचक सुदेशु महाराज ने कहा कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म और आसुरी शक्तियों का प्रभाव बढ़ा है, तब-तब भगवान ने धर्म की स्थापना और सज्जनों की रक्षा के लिए अवतार लिया है। उन्होंने बताया कि मथुरा के राजा कंस के अत्याचारों से पीड़ित धरती की पुकार सुनकर भगवान विष्णु ने देवकी के अष्टम पुत्र के रूप में श्रीकृष्ण अवतार लिया और कंस का वध कर धर्म की पुनः स्थापना की।
कथा के दौरान श्रीमद् भागवत के विभिन्न प्रसंगों का वर्णन करते हुए श्रीकृष्ण जन्म की कथा सुनाई गई। सुदेशु महाराज ने कहा कि भागवत कथा सुनने का अवसर अत्यंत दुर्लभ होता है और इसका लाभ तभी सार्थक है, जब व्यक्ति कथा के आदर्शों को अपने जीवन में उतारे। उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का भी संक्षिप्त वर्णन करते हुए मर्यादा, धर्म और परमार्थ के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कथा पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।
इस अवसर पर भाजपा नेता संदीप राणा, प्रधान मनीषा चौहान, बीडीसी सदस्य कृष्णा राणा, सोमेंद्र चौहान, चंद्र मोहन चौहान, अजय चौहान, बृज मोहन राणा, वीरेंद्र परमार, सजलिया लाल, अरविंद राणा, भजन सिंह और प्यारे लाल सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।


