
बारिश से होगी अप्रैल के महीने की शुरूआत
देहरादून। उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने 4 अप्रैल तक का मौसम का अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल महीने की शुरुआत भी बारिश से ही होगी।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार एक अप्रैल को राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश होगी। पूर्वानुमान के अनुसार इन जिलों में कहीं-कहीं हल्की से बहुत हल्की बारिश होगी। राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दो अप्रैल को राज्य के सभी पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने का अनुमान लगाया गया है। इसके साथ ही 3300 मीटर और इससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होगी। राज्य के मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा।
तीन अप्रैल को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। 3300 मीटर और इससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फ गिरेगी। शेष पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा होगी। हालांकि इन जिलों के भी ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फ गिरेगी. मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
चार अप्रैल को उत्तराखंड के सभी पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दिन मैदानी जिलों में भी कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का कहना है कि राज्य के अनेक स्थानों पर अगले 2 से 3 दिन के दौरान अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन नहीं होने वाला है। इससे साफ है कि बारिश का असर तापमान पर पड़ेगा, जो बढ़ते तापमान को नियंत्रित करेगा।
रात भर चला ऑपरेशन नाइट वॉच
देहरादून। पिछले दिनों रात को दो छात्र गुटों के बीच हुई झड़प में एक छात्र की मौत के बाद पुलिस ने रात को अराजक तत्वों की गतिविधियों पर शिकंजा कसने की दृष्टि से ऑपरेशन नाइट वॉच शुरू किया। जिसके तहत पुलिस रात भर सक्रिय रहेगी और शहर में होने वाली किसी भी गैर कानूनी कार्रवाई पर एक्शन लेगी। किन्तु दून पुलिस के इस अभियान की पोल सोमवार सुबह ही खुल गई। अराजक तत्वों की अंधाधुंध फायरिंग में एक मांनिग वाॅक पर निकले निर्दोष पूर्व सैन्य अधिकारी की जान चली गयी। इसके बाद दून पुलिस ने सोमवार रात से फिर इस अभियान को सख्ती से लागू करने का पुलिस ने दावा किया है।
ै पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार देहरादून पुलिस ने अभी तक इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि यह आरोपी उस फॉच्र्यूनर कार में सवार थे, जिस पर स्कॉर्पियो सवार लोग फायरिंग कर रहे थे। स्कॉर्पियो सवार चार अराजक तत्व अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। देहरादून पुलिस की लापरवाही की चर्चा होने लगी। इसके बाद देहरादून पुलिस ने एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के नेतृत्व में देर रात तक निर्धारित समय के बाद तक खुलने वाले क्लब, बार, होटल और रेस्टोरेंटों पर छापा मारा। एसपी सिटी, एसपी ट्रैफिक, एसपी देहात ने खुद एसएसपी के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों के साथ नगर क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान संबंधित क्षेत्राधिकारियों के साथ अलग- अलग पुलिस टीमों द्वारा निर्धारित समयावधि के बाद खुलने वाले बार/ रेस्टोरेंट पर की गई कार्रवाई की गई।

