
डॉ. जगदीश सिंह रावत ‘देवभूमि शिक्षा उत्कृष्टता पुरस्कार’ से सम्मानित ।
डॉ. जगदीश सिंह रावत को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘देवभूमि शिक्षा उत्कृष्टता पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान एम.आई.ई.टी. हल्द्वानी (नैनीताल) के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया, जिसमें अमर उजाला के संपादक एवं एम.आई.ई.टी. के संयुक्त प्रयास से भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. धन सिंह रावत उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में बंशीधर भगत, कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डी.एस. बिष्ट, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद लोहनी, एम.आई.ई.टी. के डायरेक्टर तरुण कुमार सक्सेना एवं अमर उजाला के संपादक प्रेम प्रताप मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि द्वारा उत्तराखंड के प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा सहित शोधार्थियों को “देवभूमि शिक्षा उत्कृष्टता पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। इसी क्रम में डॉ. जगदीश सिंह रावत, सहायक अध्यापक, पी.एम. श्री राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय बड़कोट, जनपद उत्तरकाशी, को भी उनके अभिनव शैक्षिक प्रयोगों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
डॉ. रावत शिक्षण कार्य के साथ-साथ कहानी, कविता, लेख एवं शोध पत्र लेखन में भी सक्रिय हैं। उनके उत्कृष्ट, उल्लेखनीय एवं प्रशंसनीय कार्यों के लिए विद्यालय परिवार, अभिभावकों, प्रधानाचार्यों, सहायक अध्यापकों, उत्तराखंड प्राथमिक शिक्षक संगठन के जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
सभी ने कामना की है कि डॉ. रावत भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते रहें और विद्यार्थियों को नई दिशा प्रदान करते रहें।



