
दोणी गांव में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार, प्रशासन चला गांव की ओर’ अभियान में उमड़ा जनसैलाब ।
उतरकाशी । मोरी ।
सीमांत विकासखंड मोरी के सुदूरवर्ती दोणी गांव में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार, प्रशासन चला गांव की ओर’ अभियान में शुक्रवार को जनसैलाब उमड़ पड़ा। सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ गांव में ही उपलब्ध होने पर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की।
क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल की उपस्थिति में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना गया। शिविर के दौरान सड़क, शिक्षा, पेयजल, विद्युत, संचार और खाद्य आपूर्ति से संबंधित कुल 67 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों की मौजूदगी में अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर राहत प्रदान की।
विभागीय स्टालों का निरीक्षण
विधायक और जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं सुविधाएं वितरित कीं। वर्षों से छोटी समस्याओं के समाधान के लिए दूर-दराज भटकने को मजबूर ग्रामीणों के लिए यह शिविर राहत लेकर आया।
प्रमुख जनसमस्याएं और कार्रवाई
सट्टा निवासी चंद्रमणि रावत ने मसरी पीएमजीएसवाई सड़क से मलबा आने के कारण सेब के बगीचों को हुए नुकसान पर मुआवजे की मांग की। अधिशासी अभियंता ने बताया कि प्रतिकर प्रस्ताव मुख्य अभियंता को भेजा जा चुका है।
सिलान नामे तोक में लकड़ी का पुल निर्माण की मांग पर विधायक ने गोविंद वन्य जीव विहार प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मसरी एवं खन्यासणी में पेयजल संकट पर जिलाधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए।
दोणी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) खोलने की मांग पर बताया गया कि प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है।
सेवा गांव में पंचायत भवन निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
सेवा-बरी से हिमाचल प्रदेश के डोडरा क्वार तक सड़क निर्माण की जानकारी देते हुए विधायक ने बताया कि वन्य जीव विहार की स्वीकृति मिल चुकी है और पीएमजीएसवाई द्वारा डीपीआर तैयार कर ली गई है।
दोला एवं गियांगाड़ में मोटर पुल निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने की जानकारी दी गई।
धौला-दाताधार पैदल मार्ग के पुनर्निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
शिक्षकविहीन विद्यालयों में एक मार्च तक तैनाती सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश खंड शिक्षाधिकारी को दिए गए।
नैटवाड़ में वैली ब्रिज निर्माण हेतु लोक निर्माण विभाग को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
विशेष शिविर की घोषणा
ग्रामीणों की मांग पर सट्टा गांव में आधार कार्ड, राशन कार्ड एवं केवाईसी कार्यों के लिए 26, 27 और 28 फरवरी को तीन दिवसीय विशेष शिविर आयोजित करने की घोषणा की गई।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा, जिला पंचायत सदस्य अनुपराज, उप निदेशक गोविंद वन्य जीव विहार निधि सेमवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ग्रामीणों के चेहरों पर दिखी संतुष्टि इस पहल की सफलता का प्रमाण बनी।

