
रायमेर बड़ेथ में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, 36 में से 22 शिकायतों का मौके पर निस्तारण ।
(उत्तरकाशी)। रिपोर्ट मदन पैन्यूली
प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार, प्रशासन गांव की ओर” अभियान के तहत गुरुवार को डुंडा विकासखंड की न्याय पंचायत रायमेर बड़ेथ में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता परियोजना निदेशक डीआरडीए अजय सिंह ने की।
शिविर में ग्रामीणों द्वारा कुल 36 शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 22 शिकायतों का विधायक की उपस्थिति में मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष जटिल मामलों के लिए संबंधित विभागों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
हुल्डियाण के ग्रामीणों ने मार्ग पर उगी झाड़ियों की समस्या उठाई, जबकि बड़ेथ बाजार में नालियों के जाम होने की शिकायत दर्ज कराई गई। विधायक सुरेश चौहान ने संबंधित विभागों को 15 दिनों के भीतर झाड़ियां हटाने और नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
न्यूसारी, नेप्पण और भेंत गांवों के ग्रामीणों ने पेयजल संकट का मुद्दा उठाया, जिस पर विधायक ने 15 दिन के भीतर व्यवस्था दुरुस्त करने तथा जेई व एई को तत्काल स्थल निरीक्षण के निर्देश दिए। इसके अलावा सड़कों पर पेचवर्क और प्रतिकर से जुड़ी समस्याओं पर भी शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर सेवाएं प्रदान की गईं। राजस्व विभाग ने 13 प्रमाण पत्र बनाए। ग्राम्य विकास विभाग द्वारा 19 बीपीएल प्रमाण पत्र व 24 जॉब कार्ड आवेदन प्राप्त किए गए। पंचायतीराज विभाग ने 15 परिवार रजिस्टर, 7 जन्म प्रमाण पत्र, 5 परिवार पृथक्करण तथा 16 राशन कार्ड आवेदन लिए।
समाज कल्याण विभाग द्वारा 4 वृद्धा पेंशन, 2 दिव्यांग पेंशन सहित 25 शिकायतों का निस्तारण किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने 50 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित कीं, जबकि आयुष विभाग द्वारा 64 लोगों का परीक्षण किया गया। पशुपालन विभाग ने 36 लोगों को जानकारी दी और एनआरएलएम/रीप के तहत 76 शेयर प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से आम जनता को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है और आवश्यक प्रमाण पत्र मौके पर ही बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
शिविर में भाजपा जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान, मंडल अध्यक्ष राजीव नौटियाल, प्रधान संगठन महामंत्री जितेन्द्र पोखरियाल, जिला पंचायत सदस्य प्रियंका रावत, ग्राम प्रधान आशुतोष बिष्ट, खंड विकास अधिकारी दिनेश जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



