
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उत्तरांचल प्रांत का प्रांत अधिवेशन सम्पन्न,
सोनी तोमर बनीं प्रदेश सह मंत्री
देहरादून।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) उत्तरांचल प्रांत का प्रांत अधिवेशन दून विश्वविद्यालय में 03 से 04 जनवरी तक सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अधिवेशन में राजेंद्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय, बड़कोट की पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सुश्री सोनी तोमर को विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की प्रदेश सह मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
सोनी तोमर के इस चयन से पूरे क्षेत्र सहित छात्र-छात्राओं में हर्ष और उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद जैसे अनुशासित एवं राष्ट्रवादी संगठन में हमारे क्षेत्र की बेटी का प्रदेश सह मंत्री बनना हम सभी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वयं भी विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता रहे हैं।
इसके अतिरिक्त मंडल अध्यक्ष प्रवीन असवाल, पूर्व प्रदेश सह मंत्री कल्याण चौहान, मंडल महामंत्री तरवीन राणा, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आशीष पंवार एवं नवीन जगुड़ी, जिला सह संयोजक सम्पन्न बहुगुणा, छात्र संघ अध्यक्ष निकिता, तथा नगर मंत्री सुजल शाह ने सोनी तोमर को प्रदेश सह मंत्री बनाए जाने पर शुभकामनाएँ देते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
शैक्षणिक एवं संगठनात्मक यात्रा
सोनी तोमर ने अपनी प्राथमिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर, खरसाली से प्राप्त की। इसके पश्चात माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट शिक्षा राजकीय इंटर कॉलेज, बर्नीगाड से पूरी की। 12वीं के बाद उन्होंने स्नातक की पढ़ाई के लिए स्व. राजेंद्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय, बड़कोट में प्रवेश लिया।
महाविद्यालय में अध्ययन के दौरान उन्होंने दो वर्षों तक विद्यार्थी परिषद की कार्यकर्ता के रूप में छात्र हितों के लिए सक्रिय रूप से कार्य किया। उनके समर्पित कार्य के परिणामस्वरूप वर्ष 2023-24 में उन्होंने विद्यार्थी परिषद के बैनर तले छात्र संघ चुनाव जीतकर छात्र संघ अध्यक्ष का पद संभाला। इसके पश्चात भी वे निरंतर छात्र एवं समाज हित के कार्यों में सक्रिय बनी हुई हैं।

सोनी तोमर का वक्तव्य
प्रदेश सह मंत्री बनाए जाने पर सोनी तोमर ने कहा कि एक दूरस्थ क्षेत्र की छात्रा को इतनी बड़ी जिम्मेदारी देना विद्यार्थी परिषद की कार्यकर्ता निर्माण की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि संगठन ने उन पर भरोसा जताया और राष्ट्र निर्माण के इस कार्य में भागीदारी का अवसर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थी परिषद ही एकमात्र ऐसा छात्र संगठन है जहाँ छात्र-छात्राओं की समान भागीदारी के साथ-साथ हर वर्ग के कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाता है।

