HTML tutorial

Jiitmani Painyuli editor pahadon का प्रेस को संवैधानिक अधिकार देने का साथ दे, पढ़ें सभी समाचार

Pahado Ki Goonj

 –
टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026

*एडीएम टिहरी ने आरसीएस पोर्टल पर वसूली पत्र ऑनलाइन प्रस्तुत किए जाने के संबंध में ली वर्चुअल बैठक*

अपर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल शैलेन्द्र सिंह नेगी द्वारा निर्गत आरसीसी/वसूली पत्रों को आरसीएस पोर्टल (ercs.uk.gov.in) पर ऑनलाइन माध्यम से प्रस्तुत किए जाने के संबंध में वर्चुअल बैठक आयोजित की गई तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके द्वारा निर्गत किए गए वसूली पत्रों को आरसीएस पोर्टल
(ercs.uk.gov.in) पर अनिवार्य रूप से ऑनलाइन प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी विभाग द्वारा ऑफलाइन वसूली पत्र प्रस्तुत किया जाता है, तो ऐसे वसूली पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा वसूली संबंधी प्रकरणों को पोर्टल पर ऑनलाइन प्रस्तुत करने की कार्यवाही समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला लेखा अधिकारी, जनपद टिहरी गढ़वाल; सहायक आयुक्त राजकर विभाग खण्ड-2 ऋषिकेश; सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी ऋषिकेश, जनपद देहरादून; सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी नई टिहरी; अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खण्ड नई टिहरी; अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खण्ड श्रीनगर-कीर्तिनगर; समस्त तहसीलदार/नायब तहसीलदार जनपद टिहरी गढ़वाल तथा प्रबन्धक उत्तराखण्ड बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम, जिला परियोजना कार्यालय नई टिहरी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

आगे पढ़ें
टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026

*जनपद में सुरक्षा जवानों के लिए 17 अगस्त से 7 सितम्बर तक भर्ती शिविर*

जिला सेवायोजन अधिकारी टिहरी गढ़वाल लक्ष्मी यादव द्वारा जानकारी दी गई कि एसआईएस सिक्योरिटी (एसआईएस इंडिया लिमिटेड), देहरादून के सहयोग से जनपद के समस्त विकासखण्डों में सुरक्षा जवानों की भर्ती हेतु विकासखण्ड स्तर पर भर्ती शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि भर्ती में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 10वीं पास/फेल, न्यूनतम ऊंचाई 165 सेमी तथा आयु 18 से 40 वर्ष निर्धारित है तथा वजन 50 कि. ग्रा. न्यूनतम हो। भर्ती शिविर में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों से पंजीकरण शुल्क ₹350 निर्धारित किया गया है जो कि चयनित अभ्यार्थियों से ही लिया जायेगा।

चयनित अभ्यर्थियों को एसआईएस ट्रेनिंग एकेडमी, देहरादून में एक माह का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक अभ्यर्थी से ₹10,900 प्रशिक्षण शुल्क लिया जाएगा, जिसमें भोजन, आवास एवं वर्दी आदि की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात सुरक्षा जवानों को रुपये 15,000 से 30,000 प्रतिमाह वेतन दिए जाने की जानकारी दी गई है।

उन्होंने बताया कि विकास खण्ड स्तर पर आयोजित शिवरों के तहत 17 व 18 अगस्त 2026 को  खण्ड विकास कार्यालय जौनपुर, 19 व  20 अगस्त को थौलधार, 21 व  22 अगस्त को प्रतापनगर, 24 व 25 अगस्त को भिलंगना, 26 व 27 अगस्त को कीर्तिनगर, 29 व 30 अगस्त को देवप्रयाग, 31 अगस्त तथा 1 सितम्बर 2026 को जाखणीधार, 2 व 3 सितम्बर को चम्बा तथा 5 से 7 सितम्बर 2026 को नरेंद्रनगर में प्रातः 11 से अपराह्न 3 बजे तक खण्ड विकास कार्यालयों में
आयोजित किये जायेंगे ।

जिला सेवायोजन अधिकारी ने सभी संबंधित विकासखण्ड कार्यालयों से भर्ती शिविरों के दौरान आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की अपेक्षा की है। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7905086105 पर संपर्क कर सकते हैं ।

आगे पढ़ें
टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026

*SVEEP के तहत चुनावी जागरूकता कार्यशाला आयोजित*

विधानसभा क्षेत्र 14-धनोल्टी के तहसील नैनबाग अंतर्गत भाग संख्या-39, राजकीय इंटर कॉलेज गरखेत में SVEEP (Systematic Voters’ Education and Electoral Participation) के तहत चुनावी जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला में स्वीप प्रभारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा BLO द्वारागढ़ एवं BLO कुदाऊ ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भूमिका तथा एक जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता के कर्तव्यों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों एवं मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने मतदाता जागरूकता और लोकतंत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार भी साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में ELC (Electoral Literacy Club) का गठन किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता अधिकारों एवं लोकतांत्रिक सहभागिता से जुड़ी गतिविधियों से निरंतर जोड़ा जाएगा।

कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उनके माध्यम से जागरूक, जिम्मेदार एवं सशक्त लोकतंत्र की भावना को समाज तक पहुंचाना रहा।

आगे पढ़ें
टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026

*स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में डीएम ने चलाया वृहद स्वच्छता अभियान, स्वयं श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश*

स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं दिव्य रूप से आयोजित किए जाने के साथ-साथ सरकारी कार्यालयों एवं उनके परिसरों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में बुधवार प्रातः 8 बजे से वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी ने स्वयं स्वच्छता अभियान में जुटकर श्रमदान किया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी, जागरुकता एवं सजगता का संदेश दिया।

स्वच्छता अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग, पूर्ति विभाग, श्रम विभाग, सिंचाई विभाग, उत्तराखंड वन विकास निगम, वन विभाग, दुग्ध विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्यालयों, कार्यालय परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान लंबे समय से उगी झाड़ियों की कटाई के साथ ही कार्यालय परिसरों में जमा कूड़ा-कचरा, अनुपयोगी सामग्री तथा अन्य अपशिष्ट को हटाया गया। अभियान के दौरान करीब तीन ट्रक कूड़ा-कचरा एकत्रित किया गया जिसे डम्पिंग जोन भिजवाया गया ।

जिलाधिकारी ने स्वच्छता अभियान का स्थलीय निरीक्षण करते हुए विभिन्न कार्यालय परिसरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वन विभाग एवं स्वास्थ्य कार्यालय परिसर तथा सड़क किनारे जमा मिट्टी-पत्थर के ढेर को तत्काल हटाने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसरों एवं सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की गंदगी अथवा अनावश्यक सामग्री जमा नहीं होनी चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के बाहर बंद पड़ी कैंटीन का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने अंदर बाहर मरम्मत कार्य कराने के निर्देश लोनिवि को दिए, ताकि विभागीय उपयोग में लाया जा सके। सिंचाई विभाग के कार्यालय सहित संयुक्त कार्यालयों के भवन की टपकती छत एवं भवन की मरम्मत संबंधी आवश्यक कार्यों के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही शीघ्र करने के निर्देश सम्बधितों को दिए ।

स्वच्छता अभियान के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि स्वच्छ, स्वस्थ और जिम्मेदार समाज के निर्माण का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने सभी कार्मिकों से अपने-अपने कार्यालय, कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की गंदगी न फैलाने का आह्वान किया।

अभियान के उपरांत जिलाधिकारी ने विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत कार्मिकों की उपस्थिति भी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालय परिसरों की स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे नियमित व्यवस्था का हिस्सा बनाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ कार्यालय परिसर से न केवल कार्य वातावरण बेहतर होता है, बल्कि आमजन के बीच भी सकारात्मक संदेश जाता है।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी, अधिशासी अभियंता सिंचाई विजय पाल, अधिशासी अधिकारी वासुदेव डंगवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

आगे पढ़ें
टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026

*अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित*

राजकीय महाविद्यालय खाड़ी, टिहरी गढ़वाल में रेड क्रॉस समिति एवं इतिहास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विश्व युवा दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का हाइब्रिड मोड पर आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “युवा शक्ति, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व” रहा।

कार्यक्रम का शुभारम्भ सरस्वती वंदना एवं अतिथि परिचय के साथ हुआ। वेबिनार में मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. योगाम्बर सिंह फर्सवाण, पर्यावरणीय पुरातत्व विशेषज्ञ, हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर गढ़वाल ने युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका तथा सांस्कृतिक विरासत संरक्षण पर व्याख्यान दिया।

विशिष्ट वक्ता राहुल डबराल, राज्य निदेशक, मेरा भारत, उत्तराखंड ने युवाओं को सामाजिक जागरूकता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र सेवा के प्रति प्रेरित किया। ओंकार बहुगुणा, अध्यक्ष, उत्तराखंड रेड क्रॉस सोसाइटी, देहरादून ने मानव सेवा, आपदा प्रबंधन एवं रेड क्रॉस की गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी पर प्रकाश डाला। प्रो. जानकी पंवार, सेवानिवृत्त प्राचार्य, डॉ. पीताम्बर दत्त बड़थ्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार ने नैतिक मूल्यों, शिक्षा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम की संयोजक डॉ. ईरा सिंह, सहायक प्राध्यापक, इतिहास विभाग एवं संयोजक रेड क्रॉस समिति ने अतिथियों, प्रतिभागियों एवं छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाजोपयोगी कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार सिंह ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि युवा जागरूकता, सामाजिक संवेदनशीलता एवं राष्ट्रीय चरित्र निर्माण वर्तमान समय की आवश्यकता है।

वेबिनार में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की। अंत में डॉ अजीत सिंह विभाग अध्यक्ष राजनीति विज्ञान द्वारा सभी उपस्थित अध्यापक गणों व शिक्षक उत्तर कर्मचारी छात्र-छात्राओं को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यशाला का समापन किया। इस अवसर पर निबंध व पोस्ट प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। जिसमें विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया।

आगे पढ़ें
‎*प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने वीसी के माध्यम से जनपद में आपदा की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों की ली जानकारी*

‎/टिहरी/12 अगस्त, 2026*
‎कैबिनेट मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद में मानसून सीजन के दृष्टिगत आपदा प्रबंधन एवं राहत-बचाव व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने प्रभारी मंत्री को जनपद में आपदा से हुई क्षति, प्रभावित परिसंपत्तियों तथा स्वीकृत एवं गतिमान कार्यों की जानकारी दी।

‎जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बताया कि मानसून के दौरान जनपद में 3 भवन पूर्ण रूप से तथा 136 आवास आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा 26 पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हुई थीं, जिनमें से अधिकांश को सुचारू कर दिया गया है। उन्होंने सड़क, पेयजल, विद्युत, संचार व्यवस्था, जनहानि, पशुहानि सहित आपदा से प्रभावित अन्य परिसंपत्तियों एवं संचालित राहत कार्यों की भी जानकारी दी।

‎प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने जनपद में नदी तटबंधों की स्थिति, बाढ़ नियंत्रण एवं सुरक्षा कार्य, सड़क मार्गों की स्थिति, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति, संचार व्यवस्था, जनहानि-पशुहानि, एंबुलेंस की उपलब्धता, हेलीपैड, राशन वितरण तथा चारधाम एवं कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

‎जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 7 बाढ़ चौकियां सक्रिय हैं तथा 39 हेलीपैड उपलब्ध हैं। मानसून के दृष्टिगत राफ्टिंग गतिविधियां तीन माह के लिए बंद हैं, जिन्हें सितंबर माह से पुनः शुरू किया जाएगा। दूरस्थ क्षेत्रों में खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए तीन माह का राशन डीलरों तक पहुंचाकर वितरित किया जा रहा है।

‎उन्होंने बताया कि आपदा की स्थिति में त्वरित सूचना एवं समन्वय के लिए आईसीआरएस सक्रिय है। पशु चिकित्सकों की टीमें गत वर्ष की भांति घर-घर जाकर पशुओं के स्वास्थ्य की जांच कर रही हैं। जनपद में 32 एंबुलेंस उपलब्ध हैं तथा 108 सेवा की 22 एंबुलेंस/वाहन सक्रिय अवस्था में हैं।

‎नगर निकायों में नालियों की सफाई की स्थिति की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। नालियों की सूची उपलब्ध है और कितनी नालियों की सफाई की गई है, इसका सत्यापन किया जा रहा है। चारधाम यात्रा मार्ग पर उपलब्ध शौचालयों की संख्या तथा उनकी सफाई व्यवस्था की भी लगातार निगरानी की जा रही है और प्रत्येक सप्ताह फोटोग्राफ मंगाकर स्थिति की समीक्षा की जाती है।

‎जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से जनपद में कोई भी राष्ट्रीय राजमार्ग बंद नहीं हुआ है। कहीं मार्ग थोड़े समय के लिए बाधित होता है तो संबंधित विभागों द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए यातायात सुचारू कराया जा रहा है।

‎प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून सीजन में सड़क, पेयजल, विद्युत एवं संचार जैसी आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के साथ ही आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो। संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने, पर्याप्त मशीनरी एवं मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रभावित परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

‎वीसी कक्ष में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, अधीक्षण अभियंता लोनिवि के. एस. नेगी, अधिशासी अभियंता लोनिवि दीपक कुमार, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई ब्रिजेश गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

‎आगे पढ़ें
टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026

*मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के चयन ट्रायल शुरू*

मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत जनपद स्तरीय चयन ट्रायल कल से बौराड़ी स्टेडियम, नई टिहरी में प्रारंभ हो गए हैं। चयन ट्रायल में जनपद के विभिन्न विकासखंडों, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों से चयनित प्रतिभावान बालक-बालिकाएं प्रतिभाग कर रहे हैं।

आयोजित चयन ट्रायल में 8 से 9 वर्ष तथा 9 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। इन आयु वर्गों में विभिन्न विकासखंडों एवं नगरीय क्षेत्रों से चयनित कुल 245 खिलाड़ियों ने चयन प्रक्रिया में भाग लिया।

जिला खेल कार्यालय टिहरी गढ़वाल के अनुसार, चयन ट्रायल के अगले चरण में 11 से 12 वर्ष तथा 12 से 13 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।

योजना का उद्देश्य जनपद के बाल एवं युवा खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को पहचान कर उन्हें उचित अवसर एवं प्रोत्साहन प्रदान करना है, ताकि वे खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

आगे पढ़ें
टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026

*डीएम टिहरी ने राफ्टिंग प्रबंधन समिति की बैठक ली*

आगामी राफ्टिंग सीजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर आज जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं राफ्टिंग व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में आगामी राफ्टिंग सीजन के दृष्टिगत राफ्टिंग संचालन से संबंधित नियमों एवं विनियमों के साथ-साथ पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा एवं राफ्टिंग स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोवत सिंह राणा द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में जनपद में 265 राफ्टिंग फर्म पंजीकृत हैं तथा कुल 576 राफ्ट उपलब्ध हैं।

बैठक में राफ्टिंग के पुट-इन एवं पुल-आउट प्वाइंट्स—कुड़ियाला, मरीन ड्राइव, शिवपुरी, ब्रह्मपुरी आदि स्थानों पर क्षतिग्रस्त पैदल मार्गों की मरम्मत, शौचालय, चेंजिंग रूम, पार्किंग सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास एवं रख-रखाव पर चर्चा की गई। पर्यटकों की सुविधा के लिए इन स्थानों पर स्वच्छता एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।

इसके साथ ही गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति की आय में वृद्धि के लिए प्रति पर्यटक लिए जाने वाले सुविधा शुल्क एवं वन विभाग द्वारा गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति से लिए जाने वाले पर्यटक शुल्क के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही राफ्टिंग फर्मों के संचालन एवं नवीनीकरण से संबंधित विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई। समिति के सदस्यों एवं राफ्टिंग ऑपरेटरों द्वारा अपने-अपने सुझाव एवं विचार रखे गए।

जिलाधिकारी ने सभी राफ्टिंग संचालकों से आपसी एकजुटता एवं समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राफ्टिंग ऑपरेटरों के बीच यदि किसी प्रकार के मतभेद हैं, तो आपसी संवाद के माध्यम से उनका समाधान किया जाए। साथ ही राफ्टिंग के लिए उचित एवं निर्धारित दरों को लेकर आपसी सहमति बनाए जाने पर जोर दिया, ताकि आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें बेहतर अनुभव मिल सके।

बैठक में एडवेंचर स्पोर्ट्स ऑफिसर सीमा नौटियाल, वाटर स्पोर्ट्स एक्सपर्ट यूटीडीबी से भूपेंद्र सिंह, समिति के सदस्य धर्मेंद्र नेगी, जयेंद्र बिष्ट, हिमालयन रिवर एक्सपीडिशन से विक्रम सिंह, रॉयल राफ्टिंग से रमेश, रिवर्स एक्सपीडिशन से बिपेंद्र, नेचर रैपिड एक्सपीडिशन से मनोज, रेड चिली से बिपिन, एक्सप्लोर हिमालयन एडवेंचर्स से मोहन सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं राफ्टिंग व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

आगे पढ़ें

*पुत्री विवाह आर्थिक सहायता योजना के आवेदन हेतु श्रमिक 06 सितम्बर तक कर सकते हैं आवेदन*

श्रम विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि श्रम प्रवर्तन अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित श्रम सुविधा केन्द्र में सहायक श्रम आयुक्त ऋषिकेश के निर्देशानुसार श्रमिकों को मात्र आर्थिक सहायता से संबंधित कार्य किए जाएंगे।

श्रम विभाग द्वारा अवगत कराया गया है कि जिन श्रमिकों द्वारा दिनांक 22 अप्रैल 2026 से 31 मई 2026 तक पुत्री विवाह आर्थिक सहायता हेतु आवेदन नहीं किया गया है तथा इस अवधि के दौरान जिन श्रमिकों की पुत्री के विवाह को एक वर्ष की अवधि पूर्ण होने की स्थिति है, वे सभी श्रमिक अब 06 सितम्बर 2026 तक पुत्री विवाह आर्थिक सहायता हेतु आवेदन कर सकते हैं।

श्रमिकों का पंजीकरण/नवीनीकरण चयनित सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) के माध्यम से किया जाएगा। जनपद टिहरी गढ़वाल के प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर ऑनलाइन श्रमिक पंजीकरण/नवीनीकरण हेतु सीएससी आईडी जारी की गई है।

यदि किसी श्रमिक का पंजीकरण/नवीनीकरण चयनित सीएससी केन्द्र द्वारा नहीं किया जा रहा है, तो संबंधित श्रमिक अपनी शिकायत लिखित रूप में श्रम कार्यालय, टिहरी में दर्ज करा सकते हैं।

श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों से अपील की गई है कि पात्र श्रमिक निर्धारित समयसीमा के भीतर योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु अपना आवेदन अवश्य करें।

आगे पढ़ें

हर घर तिरंगा अभियान के तहत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून, भारत सरकार द्वारा 13 अगस्त 2026 को जनपद टिहरी गढ़वाल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल द्वारा प्रातः 10 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय, नई टिहरी से प्रचार वाहन को फ्लैग ऑफ किया जाएगा।
इसके उपरांत प्रातः 11:30 बजे सूचना कार्यालय, नई टिहरी में ‘हर घर तिरंगा प्रदर्शनी’ के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी।

सभी सम्मानित मीडिया प्रतिनिधियों से अनुरोध है कि उक्त कार्यक्रम में उपस्थित होकर कार्यक्रम की कवरेज करने का कष्ट करें।

कार्यक्रम से संबंधित जानकारी के लिए श्री एन.एस. नयाल, मोबाइल नंबर 9456277696 पर संपर्क किया जा सकता है।

आगे पढ़ें

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर  भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ी सतर्कता
खटीमा। स्वतंत्रता दिवस को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की निगाहें सीमा पर टिक गयी है।
एसएसबी के साथ पुलिस प्रशासन चैकन्ना बना हुआ है। इसी के चलते पुलिस व एसएसबी जवानों ने बार्डर के जंगल क्षेत्र में कांबिग कर नेपाल सीमा पर आने-जाने वाले राहगीरों से चेकिंग कर पूछताछ भी की।
सीमांत का यह क्षेत्र पड़ोसी देश नेपाल व उत्तर प्रदेश की सीमा से लगा हुआ है। जहां आसानी से दोनों देशों के नागरिक आ जा सकते है। इस बीच स्वतंत्रता दिवस को लेकर सीमा पर एकाएक सतर्कता बढ़ गई हैं।
पुलिस व एसएसबी के जवानों जंगलों में सघनता से कांबिंग करने में जुटे हुए है। इसके अलावा सीमा से सटे गांवों में रहने वाले लोगों को जागरुक कर उन्हें प्रत्येक गतिविधि की जानकारी देने को कहा गया।
झनकईया थाने के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र गौरव ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रत्येक आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग कर उनकी तलाशी लेने के साथ ही संदिग्धों की तलाश में होटल-ढ़ाबों पर छापेमारी की जा रही है। टीम में एसआई लक्ष्मण दत्त जोशी, एसआई होशियार सिंह, प्रदीप जोशी, ताजउद्दीन आदि मौजूद थे।
आगे पढ़ें
हर घर तिरंगा अभियान 2026 के अंतर्गत निकाली तिरंगा रैली
रुद्रपुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान 2026 के अंतर्गत सरदार भगतसिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में डॉ बसुन्धरा उपाध्याय वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना,रोवर्स रेंजर के द्वारा तिरंगा रैली का सफल आयोजन किया गया। रैली में महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
रैली के दौरान रोवर्स रेंजर,राष्ट्रीय सेवा योजना,बी0एड0,बी0बी0ए0,एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों के माध्यम से राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव का संदेश दिया। रैली का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना तथा स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करना था।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं महाविद्यालय प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। सभी ने अपने घरों में तिरंगा फहराने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया।
रैली का वातावरण देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत रहा। हर घर तिंरगा आयोजन में उपस्थित प्रो0दीपा वर्मा,डॉ बिपिन चन्द्र जोशी,डॉ रविन्द्र,डॉ मुन्नी जोशी,कमलकांत, डॉ अश्वनी,डॉ प्रदीप,डॉ रिछारिया,डॉ सिद्ध,डॉ अनिल,डॉ नवीन,एवं छात्र छात्राओं में अभिषेक दास गुप्ता कमल जोशी, शिवम यादव, छात्रसंघ अध्यक्ष रजत बिष्ट, रोहित भट्ट, अभिषेक दास, कमलेश चैधरी, प्रांजल सुयाल, अभिषेक कोली, गणेश भट्ट, प्रकाश दास एवं प्रथम मालवीय, अनुभव ,अरबाब,अजय मिश्रा, सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहेद्य कार्यक्रम के अंत में वंदे मातरम् के सामूहिक गान के साथ राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ बसुन्धरा उपाध्याय द्वारा दिया गया।आगे पढ़ें
बेलनी पुल के पुनर्निर्माण पर भड़का जनाआक्रोश


रुद्रप्रयाग। शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग-107 (पुराना एनएच-109) पर बेलनी में करीब 60 वर्ष पुराने स्टील सेतु के स्थान पर प्रस्तावित नए मोटर सेतु के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आया। साथ ही पुराने पुल के पुनर्निर्माण के विरोध में स्थानीय व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने जोरदार प्रदर्शन कर बेलनी पुल कैंसल करो, रोजगार बचाओ, बेलनी पुल बचाओ और जनता के हित में फैसला लो के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन से प्रस्तावित निर्माण कार्य रोकने और स्थानीय लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने की मांग की।
जानकारी के अनुसार वार्षिक योजना 2025-26 के अंतर्गत एनएच-107 के किमी 1.00 बेलनी में पुराने स्टील सेतु के स्थान पर एप्रोच समेत 85.68 मीटर लंबे नए मोटर सेतु का निर्माण प्रस्तावित है। नया पुल पुराने सेतु के अपस्ट्रीम साइड में बनाया जाना है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार से परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है और इसकी स्वीकृत लागत करीब 33.05 करोड़ रुपए है। स्थानीय लोगों का कहना है कि, बेलनी पुल रुद्रप्रयाग का सबसे पुराना महत्वपूर्ण पुल है और वर्तमान में भी पूरी तरह उपयोग में है। ऐसे में इसे तोड़कर नया पुल बनाने की जरूरत पर लोगों ने सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि अलकनंदा नदी पर बेलनी पुल से करीब 200 मीटर के दायरे में नया पुल और सुरंग के माध्यम से बदरीनाथ राजमार्ग को जोड़ने वाली परियोजना भी तैयार हो रही है। ऐसे में पुराने पुल को हटाकर दोबारा निर्माण करने का औचित्य स्पष्ट किया जाना चाहिए।
स्थानीय व्यापारियों का दावा है कि प्रस्तावित निर्माण से 28 दुकानदारों का रोजगार प्रभावित होगा, जबकि करीब 10 मकान मालिकों की आजीविका पर भी संकट खड़ा हो सकता है। लोगों का आरोप है कि पुल निर्माण के नाम पर उन्हें व्यापार और घर दोनों से हाथ धोने की स्थिति में पहुंचाया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि, वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन ऐसी परियोजना स्वीकार नहीं की जाएगी जिससे वर्षों से स्थापित स्थानीय रोजगार और कारोबार प्रभावित हो।
बेलनी सभासद सुरेंद्र रावत ने कहा कि, नए पुल के बनने से चारधाम यात्रा को गति मिलेगी और लोगों को बेहतर सुविधा मिल सकती है, लेकिन पुराने बेलनी पुल को तोड़कर नया पुल बनाने का प्रस्ताव स्थानीय लोगों के हित में नहीं है। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों और प्रभावित लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेने की मांग की।
स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि बेलनी पुल के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव पहले भी दो बार सामने आ चुका है, लेकिन दोनों बार जनता ने इसका विरोध किया था। इसके बावजूद प्रस्ताव को फिर आगे बढ़ाए जाने से लोगों में नाराजगी है। प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि जब वर्तमान पुल उपयोग में है और आसपास नई कनेक्टिविटी परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं, तो पुराने पुल के पुनर्निर्माण की आवश्यकता क्यों पड़ रही है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि बेलनी पुल के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू करने से पहले स्थानीय लोगों की आपत्तियों और रोजगार पर पड़ने वाले प्रभाव का गंभीरता से आकलन किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि, यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर जिलाधिकारी कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
आगे पढ़ें
भू-माफियाओं के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर ढोल-नगाड़ों के साथ पुलिस ने मुनादी कराई

देहरादून। भू-माफियाओं और भूमि धोखाधड़ी के मामलों में फरार आरोपियों के खिलाफ दून पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में रायपुर थाना पुलिस ने भूमि धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे कांग्रेस नेता और उसके बेटे समेत तीन आरोपियों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई। पुलिस ने आरोपियों के घरों और आसपास के प्रमुख स्थानों पर न्यायालय की ओर से जारी उद्घोषणा के नोटिस भी चस्पा किए। पुलिस के मुताबिक, भानु प्रकाश भट्ट निवासी बनगांव हाल निवास केसर वाला ने थाना रायपुर में एक शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि कांग्रेस नेता सूरत सिंह नेगी, बेटा हर्षवर्धन नेगी और मोहित पुरी ने मजरा जॉलियो में सवा बीघा भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे एवं अन्य लोगों को बेचने का प्रयास किया। वो भूमि पर केयरटेकर के तौर पर काम करते हैं।
आरोप है कि इन लोगों ने भूमि पर लगी तारबाड़ को क्षतिग्रस्त किया और अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास किया। इस दौरान पीड़ित के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। इस मामले में रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए, लेकिन लगातार फरार चलने की वजह से वो पुलिस के हाथ नहीं लग पाए।
ऐसे में पुलिस ने न्यायालय से तीनों आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट हासिल किया और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसके बावजूद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहे। इसके बाद न्यायालय से बीएनएसएस की धारा 84 के तहत उद्घोषणा की कार्रवाई के आदेश हासिल किए। पुलिस ने आरोपियों के मकान के मुख्य गेट और मोहल्ले के प्रमुख स्थानों पर न्यायालय की ओर से जारी उद्घोषणा के नोटिस चस्पा किए। मुनादी के दौरान आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश होने की जानकारी दी गई। साथ ही निर्धारित प्रक्रिया के तहत न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं करने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
आगे पढ़ें80वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुटा देहरादून प्रशासन

परेड ग्राउंड में तैयारियां अंतिम चरण में, डीएम और एसएसपी ने लिया जायजा
देहरादून। 80वें स्वतंत्रता दिवस कीें जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर परेड ग्राउंड में डीएम व एसएसपी ने अंतिम चरण की तैयारियों का जायजा लिया।
बुधवार को यहां राजधानी देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 15 अगस्त को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य मंच पर ध्वजारोहण करेंगे। समारोह को भव्य, अनुशासित और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग मुस्तैद हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चैहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, महानुभावों एवं गणमान्य व्यक्तियों के लिए बैठक व्यवस्था, वाहन पार्किंग, सुरक्षा, यातायात संचालन, विघुत आपूर्ति, स्वागतकृसत्कार, स्वच्छता एवं पेयजल समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को पुख्ता करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी नोडल अधिकारी माइक्रो प्लानिंग के तहत आपसी समन्वय से कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि समारोह से जुड़ी कोई भी व्यवस्था अधूरी न रहे। इस दौरान उन्होंने मुख्य मंच, सेफ हाउस, फोटो गैलरी, साउंड सिस्टम तथा समारोह के लाइव प्रसारण के लिए एलईडी स्क्रीन की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी और प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ियाँ पुलिस बैंड की धुन पर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस व विभागीय अधिकारियों को सम्मानित करेंगे। जिलाधिकारी ने पुलिस परेड एवं सलामी कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्धारित समयकृसारिणी के अनुसार कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। 15 अगस्त से पूर्व, 14 अगस्त को ट्टविभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें वर्ष 1947 के विभाजन पीड़ितों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। दून लाइब्रेरी में सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश देने के लिए एक विशेष भव्य प्रदर्शनी का आयोजन होगा। नगर निगम परिसर में शाम को एक विशेष कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की तैयारियों को भी अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (एफआर) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश चंद्र तिवारी, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार, पीडी विक्रम सिंह सहित लोक निर्माण विभाग, एमडीडीए, पर्यटन, उघान, पूर्ति एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
आगे पढ़ें

मुख्यमंत्री ने की जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा

शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करेः धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में जल जीवन मिशन की प्रगति, वित्तीय स्थिति, योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव तथा आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की। बैठक में जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति, ग्रामीण परिवारों तक नल से जल की पहुंच एवं सत्यापन, जल गुणवत्ता, वित्तीय प्रबंधन तथा योजनाओं के नियमित संचालन से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने हर घर जल का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने तथा शेष पात्र ग्रामीण परिवारों को निर्धारित समयसीमा में नल कनेक्शन से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन की सफलता केवल नल कनेक्शन की संख्या से नहीं, बल्कि प्रत्येक घर तक नियमित, पर्याप्त, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचने से तय होगी। पूर्ण हो चुकी योजनाओं का स्थलीय सत्यापन भी कराया जाए। मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन एवं लंबित पेयजल योजनाओं को मिशन मोड में निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने तथा जिलाधिकारियों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्रत्येक योजना की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। मुख्यमंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों में पेयजल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवीकरण, वर्षा जल संचयन तथा जल स्रोतों के पुनर्भरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। प्रत्येक जनपद में जलापूर्ति संबंधी तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था विकसित करने तथा योजनाओं के संचालन एवं रखकृरखाव की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने जनपदवार लक्ष्य, समयसीमा और जवाबदेही तय करने तथा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था एवं जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के भी निर्देश दिये।
बैठक में बताया गया कि राज्य में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 16,555 योजनाओं में से 15,540 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। राज्य की औसत प्रगति 92.46 प्रतिशत है तथा 1,015 योजनाएं प्रगति पर हैं। ग्रामीण परिवारों तक नल से जल की पहुंच की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 14.48 लाख में से 14.20 लाख परिवारों को कनेक्शन दिये जा चुके हंैं। बैठक में जानकारी दी गई कि 14,979 गांवों में से 9,796 गांव में हर नल से जल का सत्यापन हो चुका है। बैठक में अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, प्रमुख सचिव आर.के.सुधांशु, सचिव पेयजल रणवीर सिंह चैहान, अपर सचिव रोहित मीणा, सुश्री झरना कमठान एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
आगे पढ़ें
तेज रफ्तार का कहर, एक की मौत एक घायल


देहरादून। बीती देर शाम रामपुर रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर चैकी क्षेत्र के बेलबाबा के पास  हुए भीषण सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस व स्थानीय लोगों ने मृतक व घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहा घायल की हालत ंचितंाजनक बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, उत्तर उजाला निवासी 22 वर्षीय अरसलान अपने साथी के साथ एसी मैकेनिक का काम करता था। बीते रोज दोनों काम के सिलसिले में रुद्रपुर गए थे। देर शाम स्कूटी से हल्द्वानी लौटते समय बेलबाबा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार यूपी नंबर की अर्टिगा कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों युवक स्कूटी से उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टक्कर से अर्टिगा कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद अरसलान को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके साथी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने हादसे में शामिल यूपी नंबर की अर्टिगा कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और हादसे की वजहों की जांच की जा रही है।
आगे पढ़ेंपेपर लीक मामला, सुमन, खालिद और साबिया पर तय होंगे आरोप
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग  की स्नातक स्तरीय परीक्षा में अनियमित साधनों के इस्तेमाल से जुड़े मामले में देहरादून स्थित विशेष सीबीआई न्यायालय ने तीन आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने के लिए पर्याप्त आधार माना है। अदालत ने मामले में आरोपी सुमन, मोहम्मद खालिद और साबिया के खिलाफ आरोप तय किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। मामले में आरोप गठन के लिए 18 अगस्त 2026 की तारीख तय की गई है।
मिजह जानकारी के अनुसार अदालत के समक्ष रखे गए रिकॉर्ड के मुताबिक, 21 सितंबर 2025 को उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय परीक्षा आयोजित की जा रही थी। मामले के आरोपी मोहम्मद खालिद भी इस परीक्षा में अभ्यर्थी था। जांच में सामने आया कि परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र के तीन पेज की तस्वीरें खींचकर व्हाट्सएप के जरिए आरोपी सुमन के मोबाइल नंबर पर भेजी गई। इसके बाद सुमन ने कुछ बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर व्हाट्सएप के जरिए भेजे। आरोपी सुमन की ओर से अदालत में दलील दी गई कि उसे यह जानकारी नहीं थी कि जिस दिन प्रश्न भेजे गए, उस दिन  परीक्षा हो रही थी। उसका कहना था कि मोहम्मद खालिद ने व्हाट्सएप पर बताया था कि उसकी बहन का पेपर है और उससे 20 बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर देने को कहा था। बाद में बातचीत के दौरान उसे पता चला कि उस दिन उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय परीक्षा थी। सीबीआई की ओर से इस तर्क का विरोध किया गया। अभियोजन के मुताबिक, सुमन को भेजे गए प्रश्नपत्र के पेज पर परीक्षा का फत् कोड अंकित था। इसके अलावा प्रश्नपत्र और उसके उत्तरों से जुड़े व्हाट्सएप संदेश सुमन ने अपने मोबाइल से तत्काल डिलीट कर दिए और पुलिस को सूचना देने के बजाय यह जानकारी बॉबी पंवार को भेजी। अदालत के रिकॉर्ड में बताया गया है कि मोहम्मद खालिद का परीक्षा केंद्र आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज, बहादुरपुर जट में था। परीक्षा केंद्र पर 15 कैमरे लगाए गए थे। आरोप है कि परीक्षा शुरू होने के बाद खालिद ने प्रश्नपत्र के तीन पेज की फोटो खींची और करीब 11.30 बजे वॉशरूम गया। इसके बाद प्रश्नपत्र के पेज व्हाट्सएप के जरिए सुमन तक पहुंचे और सुमन ने कुछ प्रश्नों के उत्तर भेजे। विशेष न्यायाधीश सीबीआई मदन राम की अदालत ने केस डायरी और अन्य दस्तावेजों के अवलोकन के बाद कहा कि आरोपियों के खिलाफ प्रथम दृष्टया पर्याप्त सामग्री मौजूद है। अदालत के मुताबिक, सुमन को भेजे गए प्रश्नपत्र के पेज वास्तविक परीक्षा के प्रश्नपत्र थे और उनके उत्तर भेजना प्रतियोगी परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल से जुड़ा कृत्य माना गया है। सीबीआई ने जांच के बाद मोहम्मद खालिद, साबिया और सुमन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2), 238, 241 और 318(4) और उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम और निवारण के उपाय) अधिनियम, 2023 की धारा 12(1) और 12(2) के तहत आरोप पत्र दाखिल किया है। अब इस मामले में 18 अगस्त 2026 को आरोप गठन की कार्यवाही होगी।
आगे पढ़ें

ब्लाइंड मर्डर केस का सनसनी खेज खुलासा’,’कारोबार व पारिवारिक रंजिश को लेकर की गई हत्या

’मृतक के गांव के ही रहने वाले निकले हत्यारे
हरिद्वार। बीती दो अगस्त की रात से लापता शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चैहान की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। आरोपी मृतक के गांव के ही बताए जा रहे है। जिन्होंने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए अंकित को रास्ते में रोककर उसकी हत्या को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
परिजनों द्वारा अंकित की गुम होने के तहरीर पुलिस को देने के बाद इस घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा घटना के सफल अनावरण हेतु प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।
गठित पुलिस टीम द्वारा घटना के विभिन्न पहलुओं पर बारीकी से जांच की गई। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरे को खंगाल गया आसपास के टावरों की कॉल डिटेलों व अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया व मैनुअल पुलिसिंग कर मृतक से संबंधित जानकारी जुटाई गई। विवेचना के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि गुमशुदा अंकित के गांव के रहने वाले सचिन मेहकार कुलवंत व अंकित उर्फ फौजी से उसकी पिछले कुछ समय से रंजिश चली आ रही थी । यह सूचना पर कोतवाली लक्सर पर 801/26 मुकदमा पंजीकृत किया गया। जिस पर पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त चारों  से बारीकी से पूछताछ की गई।
पुलिस की सख्त पूछताछ में आरोपित द्वारा अपना जुर्म कबूला गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि  गुमशुदा अंकित चैहान की उन चारों व्यक्ति ने मिलकर 2 अगस्त की रात  को हत्या कर दी है व शव  को शिवपुरी गांव के पास बनी खुसरो की ठोकर से उसकी मोटरसाइकिल के साथ बांधकर नदी में डुबो दिया था। पूछताछ में उन्होंने बताया कि मृतक अंकित काफी समय से उन्हें परेशान कर रहा था और ट्रैक्टर ट्राली के खनन में उनकी मुखबिरी करके उन्हें पकड़वा दिया करता था। जिससे उन्हें काफी पैसे की हानि हो रही थी इसलिए उन चारों ने अंकित को रास्ते से हटाने का फैसला किया तथा 2 तारीख की रात को जब अंकित अपने घर लौट रहा था तो उसकी मोटरसाइकिल रोक कर रास्ते में ही उसकी हत्या कर दी।
आरोपितों को पुलिस टीम द्वारा उनको आगे आगे चलकर उनके बताए स्थान पर ले गए जहां पर तलाशी हेतु एसडीआरएफ की टीम को भी गोताखोरों सहित बुलाया गया एसडीआरएफ के  गोताखोरों की मदद से अथक प्रयासों से गंगा नदी में डूबे मोटरसाइकिल व शव को बरामद किया गया।
आरोपियों के नाम सचिन पुत्र पवन निवासी शिवपुरी रायसी हरिद्वार, मेहकार पुत्र पवन निवासी शिवपुरी रायसी हरिद्वार, कुलवंत पुत्र कल्लू निवासी शिवपुरी रायसी हरिद्वार
व अंकित चैहान उर्फ फौजी पुत्र सुरेश पाल निवासी शिवपुरी रायसी हरिद्वार बताए जा रहे हैं।
आगे पढ़ें
लाट गांव में आतंक मचाने वाला गुलदार पिंजरे में कैद


अल्मोड़ा। मंगलवार देर शाम जिले के लाट गांव में लंबे समय से आतंक का पर्याय बने तेंदुआ विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में कैद हो गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।  अल्मोड़ा के लोधिया, देवली और लाट गांव में पिछले काफी समय से तेंदुए की सक्रियता बनी हुई थी। तेंदुए के लगातार आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। बताया जा रहा है कि तेंदुआ कई मवेशियों को अपना शिकार भी बना चुका था। इसके चलते ग्रामीण लगातार वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों की शिकायत और क्षेत्र में तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने कुछ दिन पहले लाट गांव में पिंजरा लगाया था। इसके बाद वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही थी।

मंगलवार देर शाम तेंदुआ पिंजरे में जा फंसा। इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। वन विभाग के डीएफओ दीपक सिंह के मुताबिक तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। जांच के बाद उसकी स्थिति और विभागीय नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तेंदुए के पकड़े जाने से लाट गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने राहत महसूस की है। पकड़े गए तेंदुए की उम्र करीब आठ वर्ष है।

Next Post

संघर्षशील पत्रकार जीतमणि पैन्यूली को नमन एवं शुभकामनाएं; दुर्गा प्रसाद नौटियाल

संघर्षशील पत्रकार जीतमणि पैन्यूली को नमन एवं शुभकामनाएं सभी पहाड़ों की गूंज हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र तथा http://ukpkg.com न्यूज पोर्टल वेब चैनल के देश-विदेश में पढ़ने वाले सभी सुधी पाठकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आज स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर एक ऐसे संघर्षशील पत्रकार […]

You May Like