HTML tutorial

जिलाधिकारी ने लिया जनपद में आयोजित परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा पढ़ें सभी समाचार

Pahado Ki Goonj

/टिहरी/दिनांक 21 सितम्बर, 2025

“जनपद में हो रही लिखित प्रतियोगी परीक्षा को लेकर डीएम टिहरी ने किया निरीक्षण।”

“जिलाधिकारी ने लिया जनपद में आयोजित परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा”

उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आज रविवार को विभिन्न विभागों के स्नातक स्तरीय पदों पर चयन हेतु लिखित प्रतियोगी परीक्षा की जा रही है। परीक्षा प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 01:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। इस हेतु जनपद टिहरी गढ़वाल में दो सेंटर यथा जी.जी.आई.सी. बोराड़ी नई टिहरी नियर राजकीय चिकित्सालय नई टिहरी तथा मॉडर्न स्कॉलर्स एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ऋषिकेश रोड चंबा बनाए गए हैं।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर परीक्षा से पूर्व मॉडर्न स्कॉलर्स अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर सेक्टर मजिस्ट्रेट अधिशासी अभियंता नगर पालिका परिषद चम्बा प्रशांत कुमार ने सभी सुरक्षा व्यवस्था से अवगत कराया।

प्रतियोगी परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर दो सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। परीक्षा में 540 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। जिलाधिकारी द्वारा दोनों सेक्टर मजिस्ट्रेट को कोषागार नई टिहरी से परीक्षा की गोपनीय सामग्री प्राप्त कर परीक्षा केन्द्र में उपलब्ध कराने तथा परीक्षा समाप्ति के पश्चात गोपनीय पैकेटस सम्बधित कोषागार में जमा करवाने के निर्देश दिए गए थे।

जिलाधिकारी टिहरी ने आज निरीक्षण के दौरान परीक्षा में सम्मिलित छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और उन्हें सहयोगात्मक वातावरण उपलब्ध कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही परीक्षा केंद्र पर तैनात स्कूल स्टाफ एवं पर्यवेक्षकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए, ताकि परीक्षाएँ निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।

आगे पढ़ें

“विधायक धनोल्टी और डीएम टिहरी ने नागणी क्षेत्र के आपदा प्रभावित गांवों का किया स्थलीय निरीक्षण”

“भादी देवी व सोनी देवी को राहत चेक वितरित, ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं”

“इलाज, चारा और विस्थापन हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश, पुल व मार्ग सुधार के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश”

आज रविवार को धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार एवं जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल द्वारा प्रातः चम्बा ब्लॉक के नागणी क्षेत्रांतर्गत आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान ग्राम गेहना एवं कुंड की सड़कों तथा ग्राम सभा बनाली के आपदा प्रभावित घरों का जायजा लिया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने चार घरों के पुस्ता ढहने की जानकारी दी। इस पर विधायक एवं जिलाधिकारी द्वारा भादी देवी को राहत चेक दिया गया।

स्थानीय लोगों द्वारा गांव का रास्ता ढहने एवं पानी की समस्या से अवगत कराया। आपदा में सोनी देवी का घर पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त होने पर मौके पर ही उनके पुत्र को राहत चेक प्रदान किया गया।

साथ ही जिजली गांव की कौशल्या देवी के इलाज हेतु सीएमओ डॉ. श्याम विजय को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पशुओं के चारे की समस्या समाधान हेतु सीवीओ डॉ. डी.के. शर्मा को निर्देशित किया गया। वहीं विस्थापन हेतु भूमि चिन्हित करने के लिए पटवारी हेमंत भट्ट को जिम्मेदारी सौंपी गई।

स्थानीय ग्रामीणों ने कानीघाट में पुल एवं मार्ग क्षतिग्रस्त होने की जानकारी भी दी, जिस पर त्वरित समाधान हेतु विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

मौके पर एसडीएम धनोल्टी मंजू राजपूत, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई टिहरी एवं चंबा के गणेश प्रसाद नौटियाल और शिव राम जगुरी, पटवारी हेमंत भट्ट, सहित स्थानीय ग्रामवासी मौजूद रहे।

आगे पढ़ें

“आईआईएसएम ने टिहरी झील में अपना पहला 14-दिवसीय वाटर स्कीइंग कोर्स किया संपन्न”

भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के अधीन कार्यरत एक प्रमुख संस्थान, भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान (आईआईएसएम), गुलमर्ग ने 20 सितंबर 2025 को उत्तराखंड की मनोरम टिहरी झील में अपना पहला 14-दिवसीय वाटर स्कीइंग कोर्स सफलतापूर्वक संपन्न किया।

इस कोर्स में भारत भर से कुल 25 छात्रों ने भाग लिया और इस अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त खेल का संरचित प्रशिक्षण और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।
समापन समारोह में मुख्य विकास अधिकारी, टिहरी गढ़वाल वरुणा अग्रवाल ने भाग लिया, जिन्होंने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए और एक प्रेरक भाषण दिया। उन्होंने युवा विकास को बढ़ावा देने, पर्यटन क्षमता को बढ़ावा देने और भारत के बढ़ते वाटर स्पोर्ट्स क्षेत्र में नए अवसर पैदा करने में साहसिक खेलों की भूमिका पर ज़ोर दिया।

इस अवसर पर, IISM की सहायक निदेशक, रेणु बामरारा ने इस बात पर प्रकाश डाला कि इस कोर्स का सफलतापूर्वक पूरा होना भारत के साहसिक पर्यटन में विविधता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर (जम्मू और कश्मीर) में डल झील और निगीन झील पारंपरिक रूप से IISM की जल-क्रीड़ा गतिविधियों के लिए प्रमुख स्थान रहे हैं, लेकिन अब संस्थान टिहरी झील को जल-आधारित साहसिक खेलों के एक प्रमुख गंतव्य के रूप में बढ़ावा देने के लिए भी उतना ही प्रतिबद्ध है। यह विस्तार पूरे भारत में जल-साहसिक पर्यटन के लिए कई केंद्र बनाने के IISM के दृष्टिकोण को दर्शाता है।

इस उपलब्धि के साथ, IISM साहसिक खेलों को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को पोषित करने की अपनी विरासत को और मजबूत कर रहा है, साथ ही स्कीइंग और पर्वतारोहण से आगे बढ़कर जल-आधारित विषयों को शामिल करने के लिए अपने प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विस्तार कर रहा है। यह संस्थान देश को वैश्विक साहसिक पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने के भारत सरकार के दृष्टिकोण का समर्थन करने के लिए समर्पित है।

आगे पढ़ें

जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के आपदा ग्रस्त क्षेत्र के आज के निरीक्षण बाद प्राप्त निर्देशानुसार पशुपालन विभाग की टीम द्वारा आपदा प्रभावित गाँव जिजली एवं सिलसौड़ा का भ्रमण किया गया।

पशुपालन विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर सभी पशुओं की स्वास्थ्य जाँच की तथा आवश्यक दवाइयाँ एवं फीड ब्लॉक वितरित किए।

इस दौरान ग्रामीणों को पशुओं की देखभाल संबंधी आवश्यक सुझाव भी दिए गए, ताकि आपदा की स्थिति में पशुधन सुरक्षित और स्वस्थ रह सके।

 

Next Post

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार स्थित प्रेम आश्रम में कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज के जन्मदिवस समारोह में की सहभागिता पढ़ें अन्य समाचार

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास से 2 नवंबर 2025 को प्रस्तावित आदि कैलाश परिक्रमा रन (अल्ट्रा मैराथन) प्रोमो रन का फ्लैग ऑफ किया और लोगो का अनावरण किया। राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 02 नवंबर 2025 को गूंजी गांव से […]

You May Like