टिहरी/दिनांक 16 जून, 2025
‘संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी के साथ उच्च तकनीकी व्यवस्थाएं की जाए तैनात– जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल’

सोमवार, दिनांक 16 जून 2025, जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल ने जिला कार्यालय के सभागार में मानसून सत्र के दृष्टिगत लोक निर्माण विभाग के साथ जेसीबी की व्यवस्था को लेकर बैठक ली।
मा. मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार जिले में आपदा प्रबंधन को उच्च तकनीकी से जोड़ने के लिए जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल द्वारा संवेदनशील स्थलों पर जेसीबी की व्यवस्था के साथ जीआईएस मैपिंग के पूर्व में निर्देश दिए गए थे, जिसके क्रम में लोक निर्माण विभाग अधीक्षण अभियंता मनोज बिष्ट ने बताया कि जनपद में चिन्हित 24 स्लिप जोन पर मानसून काल में बारिश के दौरान मलबा आने से बंद सड़कों को खोलने के लिए तमाम सड़कों पर जेसीबी मशीनों की तैनाती कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि चिन्हित सेंसिटिव/स्लिप जोन की जीआईएस मैपिंग कर ली गई है और पोर्टल के माध्यम से अलग अलग रंग से दर्शाया गया है, जिसमें लाल रंग से दिखाए गई जगह पर सरकारी और नीले रंग पर प्राइवेट जेसीबी, ऑपरेटर सहित उपलब्ध है। सभी जेसीबी ऑपरेटर का मोबाइल नंबर भी फीड किया गया है जिससे किसी भी प्रकार की आपदा की स्थिति में सूचना मिलते ही 5 से 30 मिनट के भीतर जेसीबी मशीन घटना स्थल पर पहुंच जाएगी और तत्काल यातायात सुचारू किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि आगे भी इस प्रकिया का ओर तकनीकी उच्चीकरण किया जाएगा जिससे जिले में सुचारू रूप से कार्य होता रहे और किसी भी प्रकार की जान–माल की हानि पर रोक लग सके ।
आगे पढ़ें
टिहरी/दिनांक 16 जून, 2025
‘‘जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल ने जनता मिलन कार्यक्रम में सुनी लोगों की समस्याएं।‘‘
टिहरी गढ़वाल जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल द्वारा सोमवार, 16 जून 2025 को जिला सभागार नई टिहरी में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जन सुनवाई की गई। इस मौके पर विभिन्न विभागों की 31 जन समस्याएं दर्ज की गई, जिनमें पुनर्वास, लोनिवि, नगरपालिका, जल संस्थान, विद्युत आदि शामिल हैं। जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का निस्तारण करते हुए सीएम हेल्पलाइन और जनता दर्शन में प्राप्त लम्बित शिकायतों की भी समीक्षा की तथा सभी समस्याओं पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए उनका शीघ्र समाधान करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये।
जनता मिलन में दर्ज शिकायतों में विकास खण्ड भिलंगना की ग्राम पंचायत समणगांव निवासी इन्द्रदत्त सेमवाल द्वारा अवगत कराया गया कि धोपड़धार-समणगांव मोटर मार्ग पिछली आपदा सीजन से बड़े वाहनों हेतु अवरुद्ध है, जिसपर जिलाधिकारी ने ईई पीएमजीएसवाई को जांच कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिये, विकासखंड थौलघार की ग्राम पंचायत गैर नगुण निवासी जयेन्द्र सिंह पडियार द्वारा गैर नगुण में आपदा से क्षतिग्रस्त परिसम्पतियों के मरम्मत हेतु पूर्व में प्रेषित प्राकलन पर धनराशि आंवदित करने की मांग की गयी जिस पर जिलाधिकारी ने डीडीएमओ को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
विकास खण्ड जाखगीधार की ग्राम पंचायत नन्दगांव निवासी विरेन्द्र दत्त द्वारा बताया गया कि टिहरी बांध परियोजना के तहत विस्थापन तथा भूमि की रजिस्ट्री होने के बाद भी भुगतान नहीं मिला है, जिस पर जिलाधिकारी ने टीएचडीसी के अधिकारियों को आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
बौराड़ी निवासी आनन्द सिंह द्वारा सेक्टर–5 सी में सीवर लाइन अवरूद्ध होने की शिकायत पर अधि अभि. जल संस्थान को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने निर्देश दिए गए।
इस मौके पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एडीएम अवधेश कुमार, एसडीएम संदीप कुमार, अधीक्षण अभियन्ता लोनिवि मनोज बिष्ट, सीएमओ श्याम विजय, सीओ ओशिन जोशी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भौतिक/वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
आगे पढ़ें
टिहरी/दिनांक 16 जून, 2025
“रिंग रोड और टूरिज्म रोड से चमकेगा टिहरी”
“टिहरी रिंग रोड और टूरिज्म रोड की समीक्षा बैठक हुई संपन्न”
आज दिनांक 16 जून 2025, सोमवार जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल के निर्देशों के क्रम में टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक अपार जिला अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार ने रिंग रोड कार्य प्रगति की जानकारी ली जिसमें सम्बन्धित विभागों द्वारा बताया गया कि टिहरी रिंग रोड दो चरण में टूरिज्म रोड और रिंग रोड क्रमशः 15.77 एवं 29.50 किलोमीटर बनायी जानी है। जिसमें नाप–खेत अधिग्रहण, भूमि अध्याप्ति अधिकारी के माध्यम से कार्य गतिमान है, जिस पर अपर जिला अधिकारी ने रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर लोनिवि के अधिकारियों ने बताया कि टेंडर प्रकिया पर्यटन निदेशालय के माध्यम से कार्यवाही गतिमान है। बता दें कि टूरिज्म रोड लोनिवि चम्बा तथा रिंग रोड लोनिवि नई टिहरी द्वारा निर्मित की जायेगी, जिसमें लगभग 5 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जायेगी, जिसमे 18 गांव शामिल है।
बैठक में ईई लोनिवि योगेश कुमार, जेएस खाती, सहायक अभियन्ता अमित, मनीषा एवं वंदना मौजूद रहे।
आगे पढ़ें
टिहरी/दिनांक 16 जून, 2025
“त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव पर सुनी आपत्तियां – टिहरी गढ़वाल”
दिनांक 16 जून 2025, सोमवार जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में त्रिस्तरीय पंचायतों में प्रधान व प्रमुख पदों तथा ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत सदस्यों के आरक्षण पर प्राप्त आपत्तियों की सुनवाई की गई।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि जनपद टिहरी गढ़वाल में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां जोरों पर है, पंचायत चुनाव के लिए आरक्षण प्रस्तावों के अंतिम प्रकाशन के बाद जिले से आपत्ति दर्ज कराई गई है, जिसके निस्तारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
डीपीआरओ एम एम खान ने बताया कि अभी तक उत्तरप्रदेश की नियमावली लागू थी, इस बार उत्तराखंड नियमावली के अनुसार अनुपादिक आधार, कुल जनसंख्या और सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है । उन्होंने कहा कि कुछ आपत्तियां महिला वर्ग के लिए आरक्षित सीट पर प्राप्त हुई है और कुछ एससी–एसटी और ओबीसी वर्ग के आरक्षण पर प्राप्त हुई है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, पंचायती राज कार्यालय से अधिकारी, कर्मचारी एवं नौ विकास खंड से आपत्ति दर्ज करने आए लोग उपस्थित रहे।


