HTML tutorial

2100 दीपों से जगमगाया यमुना तट, धामी ने किया प्रतिमा का अनावरण हरिपुर कालसी में आध्यात्मिक सौगात

Pahado Ki Goonj

2100 दीपों से जगमगाया यमुना तट, धामी ने किया प्रतिमा का अनावरण
हरिपुर कालसी में आध्यात्मिक सौगात
देहरादून। हरिपुर कालसी में बुधवार को माँ यमुना का जयघोष गूंज उठा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने माँ यमुना की प्रतिमा का अनावरण, हरिघाट का लोकार्पण और माँ यमुना कृष्ण मंदिर का शिलान्यास किया। इस दौरान यमुना तट पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में 2100 दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा तट रोशनी से जगमगा उठा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने साधु-संतों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के साथ यमुना आरती में प्रतिभाग किया। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कालसी की धरती इतिहास, आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं की भूमि है। माँ यमुना की प्रतिमा, हरिघाट और मंदिर से क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को सनातन परंपराओं से जोड़ने के साथ उत्तराखंड की धार्मिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में सहायक हैं।
हनोल मास्टर प्लान को 150 करोड़
मुख्यमंत्री ने हनोल मास्टर प्लान के लिए 150 करोड़ रुपये की स्वीकृति की जानकारी देते हुए कहा कि जौनसार-बावर में धार्मिक पर्यटन से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। लाखामंडल सहित क्षेत्र के ऐतिहासिक, धार्मिक और पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन के विस्तार से होमस्टे, स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प, परिवहन और खान-पान जैसी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय युवाओं और उद्यमियों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही जौनसार-बावर की लोक संस्कृति और विरासत के संरक्षण पर भी ध्यान दिया जाएगा।
कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान, सचिव रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि सहित जनप्रतिनिधि, साधु-संत और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

You May Like