HTML tutorial

उत्तराखंड को केंद्र से ₹451.63 करोड़ की पहली किस्त, विकास परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार ।

Pahado Ki Goonj

उत्तराखंड को केंद्र से ₹451.63 करोड़ की पहली किस्त, विकास परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार

देहरादून। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड के आधारभूत ढांचे और पूंजीगत विकास कार्यों को गति देने के लिए बड़ी वित्तीय सहायता प्रदान की है। भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए “राज्यों को पूंजीगत निवेश हेतु विशेष सहायता योजना” के तहत उत्तराखंड को ₹451.63 करोड़ (₹45,163 लाख) की प्रथम किस्त विशेष सहायता (ऋण) के रूप में स्वीकृत की है।
जारी स्वीकृति आदेश के अनुसार यह राशि योजना के भाग-1 (अनटाइड) के अंतर्गत राज्य की स्वीकृत पूंजीगत परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। इस वित्तीय सहायता से राज्य में आधारभूत अवसंरचना से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस स्वीकृति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार उत्तराखंड के विकास में सहयोगी की भूमिका निभा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सहायता राशि से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पर्यटन सहित विभिन्न आधारभूत अवसंरचना परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन को नई गति मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस राशि का उपयोग भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ जनहितकारी पूंजीगत परियोजनाओं पर करेगी, जिससे उत्तराखंड के समग्र और सतत विकास को और अधिक मजबूती मिलेगी।

You May Like