
उत्तराखण्ड में मौसम का बड़ा अलर्ट, 28-29 मई को भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी ।
देहरादून। उत्तराखण्ड में भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में राज्य के कई जनपदों में तेज बारिश, गर्जन, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाओं की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने 28 मई 2026 के लिए जनपद उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं 29 मई 2026 को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जनपदों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि के साथ भारी वर्षा की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने 30 और 31 मई के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित जिलों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड में रखने तथा सभी आवश्यक संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के समय पेड़ों, बिजली के खंभों एवं कमजोर संरचनाओं से दूर रहे।

