उत्तराखंड को नहीं मिलेगी कड़ाके की ठंड से राहत

Pahado Ki Goonj

उत्तराखंड: नहीं मिलेगी कड़ाके की ठंड से राहत, इस दिन फिर होगी बारिश और बर्फबारी
प्रदीप थलवाल
पश्चिमी विक्षोभ के कारण अभी ठंड से निजात नहीं मिलेगी। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 30 जनवरी से मौसम में बदलाव आएगा। 31 जनवरी और एक फरवरी को बारिश और हिमपात की संभावना है।

उधर, हंसलिंग, राजरंभा, पंचाचूली, नंदादेवी, छिपलाकेदार की चोटियों पर लगातार हिमपात जारी है। नगर और आसपास के क्षेत्रों में कुछ देर तक बर्फ के फाहे गिरे। बाद में हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। भारी हिमपात से बंद थल-मुनस्यारी मार्ग अभी तक सुचारु नहीं हो पाया है। लोनिवि की टीम सड़क पर जमा बर्फ को हटाने में जुटी हुई है।

रातापानी से मुनस्यारी के बीच 20 किमी तक बर्फ हटाकर सड़क खोल दी है। यदि मौसम ने साथ दिया तो सोमवार से इस मार्ग पर यातायात सुचारु होने की उम्मीद है। क्षेत्र में हुई बर्फबारी के चलते सीमांत के 12 गांवों में छह दिन से बिजली गुल है। वहीं बागेश्वर जिले के मल्ला और विचल्ला दानपुर के कई गांवों की बिजली गुल है। दो दिन पहले हुई बर्फबारी से बंद कर्मी-विनायक, रिखाड़ी-बाछम-बदियाकोट और शामा-लीती-गोगिना सड़कें रविवार को भी नहीं खुल सकीं।
पहाड़ पर बर्फबारी से मैदानों में बढ़ी ठिठुरन

पहाड़ों पर बर्फबारी की वजह से मैदानों में ठिठुरन बढ़ गई है। रविवार को दिनभर सर्द हवाओं के बीच कंपकंपी छुड़ाने वाली ठंड रही। मौसम विभाग ने आगामी कई दिनों तक प्रदेश के मैदानी इलाकों में कोहरा, पाला और ठंड का अनुमान जताया है।

राजधानी में रविवार सुबह ल्की धूप खिली। इसके बाद हल्के बादल छा गए। सर्द हवाओं की वजह से तापमान लुढ़क गया। सुबह का तापमान करीब 20 डिग्री था, वहीं शाम तक तापमान 15 डिग्री पहुंच गया। ठंड की वजह से बाजारों में भीड़ कम नजर आई और शाम होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे गिरकर 18.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जबकि रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे गिरकर 5.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने अनुमान जताया कि आने वाले कई दिनों तक ठिठुरन बढ़ेगी। तापमान में और गिरावट आ सकती है। सोमवार को गढ़वाल मंडल को छोड़कर प्रदेश के बाकी हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मैदानी इलाकों विशेषकर ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में सुबह घना कोहरा छा सकता है। राजधानी में सोमवार को आंशिक बादल आ सकते हैं। सुबह के वक्त हल्का कुहासा छा सकता है।

Next Post

राष्ट्रपिता को गाँधी पार्क स्थित गाँधी प्रतिमा पर भावपूर्ण श्रद्दांजली दीप दान कर दी

देहरादून 30 जनवरी 2019 *गैरसैंण राजधानी निर्माण अभियान* का धरना आज 136वाँ दिवस में प्रवेश कर गया| आज पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत *गैरसैंण राजधानी निर्माण अभियान* ने देहरादून के राजपुर रोड़ स्थित गाँधी पार्क जाकर गाँधी प्रतिमा में पुष्पाँजलि अर्पित कर संगठन द्वारा भावपूर्ण श्रद्दांजलि दीऔर दीप दान आयोजित […]

You May Like