
उत्तराखंड में विकास कार्यों को रफ्तार, कुंभ-2027 के लिए ₹61.42 करोड़ समेत ₹81 करोड़ की मंजूरी
सड़क, पेयजल, सिंचाई, मंदिरों के सौंदर्यीकरण और सरकारी आवासों के निर्माण को मिलेगी गति
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों और हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिए करीब 81 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसमें कुंभ मेले के लिए 18 प्रस्तावित कार्यों के लिए 61.42 करोड़ रुपये की धनराशि शामिल है। इन स्वीकृतियों से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सड़क, पेयजल, सिंचाई, धार्मिक स्थलों के विकास और सरकारी आवास निर्माण से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।
ग्रामीण सड़कों के निर्माण को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने चम्पावत जनपद के टनकपुर एवं बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में 10-10 किलोमीटर आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए 9.94 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। देहरादून के डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में लालतप्पड़ से गोरखा बस्ती सागर सहित अन्य घरों तक दो किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 1.37 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
पिथौरागढ़ जनपद के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में भूमिधारा से कुमालगांव तक खड़ंजा और पुलिया निर्माण के लिए 74.24 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं, पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मझेड़ा में प्राथमिक विद्यालय भूगांव से नाघर, कुमाल्ता और स्यूसी तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 49.85 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन किया गया है।
मंदिरों के सौंदर्यीकरण पर भी जोर
धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए ऊधमसिंह नगर के जसपुर विधानसभा क्षेत्र के डाम स्थित प्राचीन मंदिर के सुदृढ़ीकरण हेतु 1.62 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पिथौरागढ़ में गुरु गोरखनाथ मंदिर मेला स्थल के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 32.53 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
अल्मोड़ा के सल्ट विधानसभा क्षेत्र स्थित शक्तिपीठ भौनादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 98.79 लाख रुपये की स्वीकृत राशि के सापेक्ष 50 लाख रुपये तथा पौड़ी जनपद के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र स्थित कण्वाश्रम में चक्रवर्ती सम्राट भरत की प्रतिमा स्थापना एवं सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत 79.74 लाख रुपये के सापेक्ष शेष 31.90 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है।
इसके अतिरिक्त चम्पावत के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में फोर्ती स्थित त्यौन्दर बाबा मंदिर, भूमिया बाबा मंदिर और महारुद्र मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 20-20 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
पेयजल और सिंचाई योजनाओं को मिलेगी मजबूती
पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार नगर की सनेह नगरीय पेयजल योजना के तहत सनेह मल्ली में नलकूप खनन एवं उद्वाह जलाशय निर्माण के लिए 3.30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत तौक भौरा में फील्ड सिंचाई गूल के निर्माण के लिए 44.13 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
सरकारी आवास और कुंभ की तैयारियों पर फोकस
टिहरी जनपद की देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कीर्तिनगर तहसील में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय भवनों के निर्माण हेतु 1.213 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। योजना के कार्य प्रारंभ करने के लिए प्रथम चरण में 50 लाख रुपये जारी करने का भी अनुमोदन किया गया है।
वहीं, हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत भारत सरकार के अवस्थापना अनुदान के अंतर्गत प्रस्तावित 18 कार्यों के लिए 61.42 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास, धार्मिक स्थलों के संरक्षण और आगामी कुंभ मेले की व्यवस्थाओं को मजबूत करने से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त होगा।


