
स्याना चट्टी के पास खाई में गिरा चालक, पुलिस-एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर बचाया
उत्तरकाशी। बड़कोट।
चारधाम यात्रा पर जा रहे मध्य प्रदेश के यात्रियों के टेंपो ट्रैवलर के चालक का स्यानाचट्टी के पास पैर फिसल गया और वह करीब 40 से 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
थाना निरीक्षक बड़कोट सुभाष चंद ने बताया कि 15 सितंबर की देर रात मध्य प्रदेश के सात यात्री टेंपो ट्रैवलर से बड़कोट से जानकीचट्टी की ओर जा रहे थे। स्यानाचट्टी के नजदीक वाहन चालक उपेन्द्र बाथरूम जाने के लिए वाहन से नीचे उतरा। इसी दौरान पहाड़ी पर उसका पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला। घायल चालक को 108 एंबुलेंस की मदद से स्वास्थ्य केंद्र राना पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया।
रेस्क्यू के बाद यात्रियों राम कृष्ण पाटीदार और मान सिंह पाटीदार ने त्वरित कार्रवाई के लिए रेस्क्यू टीम और उत्तराखंड पुलिस का आभार जताया।
रेस्क्यू टीम में अपर उपनिरीक्षक पवन बडोनी, कांस्टेबल रजत शेखर भंडारी, कांस्टेबल शूरवीर चौहान और पीआरडी रविंद्र कुमार शामिल रहे।

