HTML tutorial

रक्षाबंधन पर खाकी की कलाई पर सजा रक्षा सूत्र, नशामुक्ति का लिया संकल्प ।

Pahado Ki Goonj

 

रक्षाबंधन पर खाकी की कलाई पर सजा रक्षा सूत्र, नशामुक्ति का लिया संकल्प ।

बड़कोट। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बड़कोट में भाई-बहन के प्रेम के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और नशामुक्ति का अनूठा संदेश देखने को मिला। ब्रह्माकुमारीज की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों को राखी बांधकर उन्हें नशे से दूर रहने और समाज को भी नशे की बुराई से बचाने का संकल्प दिलाया गया।
ब्रह्माकुमारी सरिता दीदी ने बड़कोट पुलिस थाने पहुंचकर सीईओ  चंचल शर्मा एवं इंस्पेक्टर उप जिलाधिकारी बृजेश तिवारी सहित पुलिस कर्मियों को रक्षासूत्र बांधा। उन्होंने कहा कि राखी महज कलाई पर बांधा जाने वाला धागा नहीं, बल्कि बुराइयों से स्वयं की और समाज की रक्षा करने का संकल्प भी है। उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण का आह्वान किया।
इस दौरान ब्रह्माकुमारी ने पुलिस कर्मियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। पुलिस कर्मियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी ज्योति बहन भी मौजूद रहीं।
इसके बाद एसडीएम को भी रक्षासूत्र बांधा गया और उन्हें ईश्वरीय संदेश-पत्र भेंट किया गया। एसडीएम ने संदेश-पत्र को रुचिपूर्वक पढ़ा और उसका भाव उपस्थित लोगों के साथ साझा किया। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक संदेश देने वाली पहल बताया।
रक्षाबंधन का यह आयोजन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते से आगे बढ़कर नशामुक्त समाज, आध्यात्मिक जागृति और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दे गया।

You May Like