
मेधावी विद्यार्थियों को श्रीमती केसरी देवी मेमोरियल अवार्ड से सम्मानित किया गया ।
उत्तरकाशी
उत्तरकाशी स्थित ऋषि राम शिक्षण संस्थान में आयोजित श्रीमती केसरी देवी मेमोरियल अवार्ड समारोह में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 12 के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके अभिभावकों सहित सम्मानित किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित यह समारोह गौरव, उत्साह और उल्लास से भरपूर रहा, जहां विद्यार्थियों को धनराशि, प्रशस्ति-पत्र एवं शॉल प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
समारोह में रोहित धनाई ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं सक्षम गुसाईं ने 92.82 प्रतिशत, अभिनव रमन सेमवाल ने 92.60 प्रतिशत, सृष्टि नौटियाल ने 91.60 प्रतिशत, इशिता बिष्ट ने 91 प्रतिशत, प्रेरणा ने 90.80 प्रतिशत तथा कीर्ति जुयाल ने 90.60 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों में नए आयाम स्थापित किए।
विद्यालय के संस्थापक पं. गणपति प्रसाद जगूड़ी ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा और सत्कर्मों से माता-पिता, शिक्षकों, समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करें।
विद्यालय के प्रबंधक डॉ. अरविंद जगूड़ी ने श्रीमती केसरी देवी के प्रेरणादायी जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि सच्ची सफलता वही प्राप्त करता है, जो ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर रहता है।
अंग्रेजी विभाग के वरिष्ठ शिक्षक संजय जगूड़ी ने विद्यार्थियों को अर्जुन की भांति दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन उप-प्रधानाचार्य बद्रीश बिष्ट एवं राजेंद्र रावत ने प्रभावशाली शैली में किया।
अंत में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.के. मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जीवन में संघर्ष और परिश्रम के बाद ही व्यक्तित्व का वास्तविक तेज निखरकर सामने आता है। समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

