मानसून से पहले मुख्य सचिव सख्त, डीएम को स्कूल मरम्मत, टीबी अभियान और आपदा तैयारियों पर दिए कड़े निर्देश
देहरादून, 30 जून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय से सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर विभिन्न विभागों की समीक्षा की और कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
उन्होंने मरम्मत योग्य विद्यालयों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर उनके भवनों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। विशेष रूप से ऐसे स्कूलों को प्राथमिकता देने को कहा गया, जिनके आसपास कोई अन्य विद्यालय उपलब्ध नहीं है। साथ ही, प्रस्ताव प्राप्त होते ही धनराशि जारी करने के लिए शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया।
बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने हाई रिस्क गांवों में अधिक से अधिक स्क्रीनिंग शिविर लगाने, एक्स-रे मशीनों का व्यापक उपयोग करने तथा एनएसएस और एनसीसी स्वयंसेवकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मुख्य सचिव ने 4 जुलाई से शुरू होने वाले सेवा पखवाड़ा के सफल आयोजन के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने और बहुद्देश्यीय शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।
मानसून की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को भूस्खलन, बाढ़ और भू-कटाव संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने, जेसीबी, पोकलैंड, डंपर, क्रेन जैसी मशीनरी पहले से तैनात रखने तथा सड़क, बिजली, पेयजल और दूरसंचार सेवाओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था (प्लान-बी) तैयार रखने के निर्देश दिए।
भटवाड़ी में खुलेगा केंद्रीय विद्यालय? विधायक सुरेश चौहान ने शिक्षा मंत्री को सौंपा प्रस्ताव
Wed Jul 1 , 2026
भटवाड़ी में खुलेगा केंद्रीय विद्यालय? विधायक सुरेश चौहान ने शिक्षा मंत्री को सौंपा प्रस्ताव धन सिंह रावत ने दिया सकारात्मक आश्वासन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पत्र भेजने की कही बात उत्तरकाशी। सीमांत क्षेत्र भटवाड़ी के विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान ने भटवाड़ी […]

