
खालसी मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, युवक की मौत, एक गंभीर घायल
चिन्यालीसौड़, 19 जून 2026। खालसी रोड पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, आज शाम करीब 4:40 बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि खालसी मार्ग पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही चौकी चिन्यालीसौड़ से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना करीब 3:30 बजे हुई थी।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन टाटा अल्ट्रोज (संख्या DL14 CG 3050) सड़क से लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक युवक का शव वाहन से करीब 150 मीटर नीचे मिला। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से शव को खाई से निकालकर अग्रिम कार्रवाई के लिए मोर्चरी चिन्यालीसौड़ भेज दिया गया।
हादसे में सूरज (24 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय श्याम सिंह, निवासी खालसी की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि सुमन पवार (25 वर्ष), पुत्र चंद्र सिंह, निवासी न्यू खालसी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ भेजा गया है।
दुर्घटना राणो की गाड़, खालसी रोड, चिन्यालीसौड़ (राजस्व क्षेत्र) में हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक युवक के निधन पर क्षेत्र में शोक की लहर है।

