
पनियाला में श्रीमद् देवी भागवत कथा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मातृशक्ति के महत्व पर दिया संदेश
लंबगांव/टिहरी। प्रतापनगर ब्लॉक की रौंनद रमोली पट्टी के ग्राम पनियाला में बटुकनाथ भैरव कीर्तन मंडली के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद् देवी भागवत कथा श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच निरंतर जारी है। कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं। क्षेत्र के साथ-साथ दूर-दराज के गांवों से भी लोग कथा में भाग लेने पहुंच रहे हैं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर है।
कथा के तृतीय दिवस पर व्यासपीठ से आचार्य भारत किशोर जी महाराज ने मां भगवती की महिमा, उनके विभिन्न दिव्य स्वरूपों तथा सनातन संस्कृति में मातृशक्ति के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मां भगवती शक्ति, करुणा और संरक्षण की प्रतीक हैं तथा उन्होंने समय-समय पर अधर्म और अन्याय का नाश कर धर्म की स्थापना की है। उन्होंने देवी के विभिन्न स्वरूपों का वर्णन करते हुए कहा कि मानव जीवन में श्रद्धा, भक्ति और सदाचार का विशेष महत्व है।
आचार्य भारत किशोर जी ने अपने प्रवचन में कहा कि नारी सम्मान ही एक संस्कारित और समृद्ध समाज की आधारशिला है। जिस समाज में मातृशक्ति का सम्मान होता है, वहां सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम, सद्भाव और मानवता के मूल्यों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आध्यात्मिक ज्ञान और धार्मिक संस्कारों की आवश्यकता पहले से अधिक है, जिससे समाज को सही दिशा मिल सके।
कथा के दौरान भजन-कीर्तन और देवी स्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु पूरे मनोयोग से कथा श्रवण करते हुए धर्म और संस्कृति के प्रति अपनी आस्था प्रकट कर रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारी ममता पैन्यूली काला, श्यामपुर जिला पंचायत सदस्य विनीता पैन्यूली रतूड़ी, जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा, समाजसेवी प्रिंसी रावत, ग्राम प्रधान दर्वेश्वरी देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुष्मिता, विजेंद्र प्रसाद पैन्यूली, युद्धवीर सिंह राणा, सोहन पैन्यूली, दिवाकर प्रसाद पैन्यूली, राहुल रावत, नरेश रावत, कुंदन सिंह राणा, संजय पैन्यूली, कुशला नंद पैन्यूली, दुर्गा प्रसाद पैन्यूली, नंदकिशोर पैन्यूली, मनोज कपिल देव, कैलाश चंद्र पैन्यूली, डॉ. संदीप रतूड़ी सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे ।


