
गंगानी कुंड में गूंजा वन्यजीव संरक्षण का संदेश, पौधरोपण के साथ चला स्वच्छता अभियान ।
उत्तरकाशी। बड़कोट।
गांधी जयंती एवं वन्य जीव सप्ताह के अवसर पर अपर यमुना वन प्रभाग बड़कोट की ओर से गंगानी कुंड के निकट स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतिम दिवस पर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रवांई एवं कुथनौर रेंज के वनकर्मियों के साथ विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, एनडीआरएफ जवान तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और जूनियर हाईस्कूल गंगानी के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
गोष्ठी में प्रभागीय वनाधिकारी अजय लिंगवाल ने वन्यजीवों के महत्व को आध्यात्मिकता से जोड़ते हुए मानव जीवन में उनकी भूमिका और संरक्षण की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं उप प्रभागीय वनाधिकारी साधुलाल ने मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व तथा वन्यजीव संरक्षण के लिए वन विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
एनडीआरएफ के उपनिरीक्षक राजकुमार ने आमजन से वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक होने और इनके संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इसके बाद गंगानी कुंड परिसर में पौधरोपण अभियान चलाया गया। विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके साथ ही परिसर में गाजर घास का उन्मूलन किया गया तथा प्लास्टिक एवं अन्य कूड़ा-कचरा एकत्र कर स्वच्छता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने वन्यजीव संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखने की शपथ ली।
इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी रवांई आशीष नौटियाल, वन क्षेत्राधिकारी कुथनौर रूपमोहन नौटियाल, उप वन क्षेत्राधिकारी मोहब्बत सिंह चौहान, एनडीआरएफ उपनिरीक्षक राजकुमार सहित एनडीआरएफ की टीम और वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


