
धर्मघट की पूरी राशि इंद्रमणि नौटियाल की वतन वापसी के नाम
इंद्रमणि नौटियाल की वतन वापसी के लिए धर्मघट की राशि भेंट
उत्तरकाशी। इंद्रमणि नौटियाल की वतन वापसी के लिए चलाए जा रहे जनसहयोग अभियान में सामाजिक कार्यकर्ता एवं गायत्री परिवार से जुड़े अजय प्रकाश बडोला ने पहल की है। जिला व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बडोला ने अपनी दुकान पर कई वर्षों से लगे धर्मघट में एकत्र पूरी राशि इंद्रमणि नौटियाल की बेटी कुमारी दीपिका नौटियाल को देने का निर्णय लिया है।
बडोला ने बताया कि उनकी दुकान पर लगा धर्मघट पिछले कई वर्षों से जरूरतमंद और निर्धन छात्रों की शिक्षण सामग्री के लिए सहयोग जुटाने का माध्यम रहा है। हर वर्ष इसमें एकत्र राशि को सामाजिक कार्यों में लगाया जाता है। इस बार इंद्रमणि नौटियाल की वतन वापसी के लिए चल रहे अभियान को देखते हुए धर्मघट की पूरी राशि उनके परिवार को सहयोग स्वरूप देने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने आमजन से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की। बडोला ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करे और घर-घर से ₹100 भी इस अभियान में दिए जाएं, तो इंद्रमणि नौटियाल की दीपावली से पहले वतन वापसी के प्रयासों को मजबूती मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र के जरूरतमंद परिवार की मदद के लिए आमजन को आगे आना चाहिए। इसी उद्देश्य से बुधवार को बडोला गिफ्ट सेंटर स्थित अपनी दुकान पर धर्मघट में एकत्र राशि कुमारी दीपिका नौटियाल को भेंट की गई।

