
DAV छात्रसंघ अध्यक्ष बने नवदीप राणा, यमुनोत्री में बढ़ी चर्चा
देहरादून। डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून छात्रसंघ चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के प्रत्याशी नवदीप राणा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने NSUI प्रत्याशी सौरव सेमवाल को 96 वोटों के अंतर से पराजित किया। वहीं महासचिव पद पर निर्दलीय प्रत्याशी निलांश विजयी रहे।
अध्यक्ष पद पर नवदीप राणा की जीत के बाद उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है। चुनाव प्रचार के दौरान अध्यक्ष पद पर ABVP के नवदीप राणा और NSUI के सौरभ सेमवाल समेत अन्य प्रत्याशी मैदान में थे।
नवदीप राणा के छात्रसंघ अध्यक्ष बनने के बाद अब उनकी राजनीतिक सक्रियता को लेकर यमुनोत्री क्षेत्र में भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। छात्र राजनीति में मिली इस जीत को उनके राजनीतिक सफर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। हालांकि, इस जीत को सीधे तौर पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में टिकट या उम्मीदवारी से जोड़ना फिलहाल जल्दबाजी होगी।
यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र में युवाओं की राजनीतिक भागीदारी को लेकर पहले से चर्चा रहती है। ऐसे में देहरादून के प्रतिष्ठित डीएवी कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष के रूप में नवदीप राणा की नई भूमिका ने उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर स्थानीय स्तर पर उत्सुकता जरूर बढ़ाई है।
अब आने वाले समय में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि नवदीप राणा अपनी छात्र राजनीति तक सक्रियता सीमित रखते हैं या यमुनोत्री क्षेत्र में भी सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी दिखाई देती है।
नवदीप राणा की जीत पर समर्थकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

