
बड़कोट/उत्तरकाशी
नव नियुक्त पुलिस क्षेत्राधिकारी बड़कोट चंचल शर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 19 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा को सुरक्षित व सुगम बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। यात्रा का पहला धाम यमुनोत्री है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे।
उन्होंने कहा कि जाम की समस्या से निपटने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है। धरासू-यमुनोत्री हाईवे के ओरछा बैंड पर नई चेक पोस्ट स्थापित की गई है, जिससे संकरे स्थानों पर यातायात नियंत्रित किया जा सके।
सी ओ ने बताया कि यात्रा के दौरान नशा तस्करी, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा व बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन पर विशेष नजर रखी जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें और यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करें।
पत्रकार वार्ता में प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र व वरिष्ठ उपनिरीक्षक रणवीर चौहान सहित पत्रकार बंधु मौजूद रहे।


