HTML tutorial

Good news मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत टिहरी होंगी एमयूवाई चौपाल जानिए सभी समाचार

Pahado Ki Goonj

टिहरी गढ़वाल, 19 अगस्त 2026

*मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत टिहरी में आयोजित होंगी एमयूवाई चौपाल, ग्रामीण उद्यमियों के लिए सुनहरा मौका*

मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत जनपद टिहरी गढ़वाल के सभी विकासखण्डों में एमयूवाई चौपाल का आयोजन किया जाएगा, मुख्य विकास अधिकारी वरूणा अग्रवाल ने बताया कि चौपाल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों एवं हुनर को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों में बदलने तथा ग्रामीण उद्यमियों को आवश्यक मार्गदर्शन, तकनीकी जानकारी और विभिन्न विभागीय योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि एमयूवाई चौपाल कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश स्तर पर माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा दिनांक 21 अगस्त को प्रातः 11 बजे देहरादून में किया जायेगा इसके साथ ही जनपद स्तर पर भी कार्यक्रम का शुभारम्भ किया जायेगा तथा आईईसी वैन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया जायेगा, 21 अगस्त से 6 सितम्बर तक जनपद के सभी विकास खण्डों में नामित नोडल अधिकारी की देख-रेख में आयोजित किया जायेगा।

उन्होंने बताया कि एमयूवाई चौपाल का मुख्य उद्देश्य गांवों में उद्यमिता का ऐसा मजबूत वातावरण तैयार करना है, जहां स्थानीय युवा, महिलाएं, स्वयं सहायता समूह तथा अन्य ग्रामीण उद्यमी अपने हुनर और स्थानीय संसाधनों के आधार पर नए व्यवसाय शुरू कर सकें और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग एक ही मंच पर मिल सके। चौपाल के माध्यम से संभावित उद्यमियों की पहचान कर उन्हें व्यवसाय की अवधारणा तैयार करने, बाजार की समझ विकसित करने, उत्पाद की गुणवत्ता एवं पैकेजिंग, ब्रांडिंग, वित्तीय प्रबंधन तथा बाजार से जोड़ने जैसी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

सीडीओ ने बताया कि योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध प्राकृतिक, कृषि एवं स्थानीय संसाधनों की पहचान कर उनके बेहतर उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन, बाजार संपर्क, डिजिटल माध्यमों के उपयोग, वित्तीय साक्षरता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं संस्थागत सहायता की जानकारी उद्यमियों तक पहुंचाई जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी गति मिलेगी।

एमयूवाई चौपाल में स्थानीय उत्पादों एवं उद्यमों को बढ़ावा देने, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को बाजार से जोड़ने, वित्तीय एवं तकनीकी सहायता की जानकारी देने तथा विभिन्न विभागों और सहयोगी संस्थाओं के बीच समन्वय स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। चौपाल में सफल उद्यमियों के अनुभव भी साझा किए जाएंगे, ताकि नए उद्यमियों को व्यावहारिक जानकारी और प्रेरणा मिल सके।

उन्होंने बताया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विकासखंड स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु आईईसी वैन के माध्यम से भी विकासखंडों में भ्रमण कर मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई जाएगी तथा इच्छुक उद्यमियों को योजना से संबंधित जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एमयूवाई चौपाल से जानकारी प्रदान करने ग्रामीण क्षेत्रों में वास्तविक उद्यमिता को बढ़ावा देने जैसे प्रभावी कार्य किया जाए तथा इच्छुक ग्रामीणों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराते हुए उन्हें संबंधित विभागों एवं योजनाओं से जोड़ने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

एमयूवाई चौपाल के माध्यम से गांव में ही अवसर, हुनर को व्यवसाय और स्थानीय संसाधनों को आजीविका का आधार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

आगे पढ़ें
टिहरी गढ़वाल, 19 अगस्त 2026

*टिहरी झील, जिला टिहरी में उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद द्वारा 15 दिवसीय जल क्रीड़ा प्रशिक्षण सम्पन्न*

*राष्ट्रीय जल क्रीड़ा संस्थान गोवा के सहयोग से 20 प्रशिक्षुओं को मिला प्रमाणित प्रशिक्षण*

उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद द्वारा साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने एवं युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य में 15 दिवसीय जल क्रीड़ा प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण *राष्ट्रीय जल क्रीड़ा संस्थान, गोवा* के सहयोग से 05 अगस्त 2026 से 19 अगस्त 2026 तक टिहरी झील, जिला टिहरी गढ़वाल में आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण के समापन समारोह का आयोजन 19 अगस्त 2026 को टिहरी झील परिसर में किया गया। समारोह में राष्ट्रीय जल क्रीड़ा संस्थान, गोवा से प्रतिनियुक्त प्रशिक्षक प्रवीण सिंह रावत व विराज शिंदे उपस्थित रहे। इसके साथ ही परिषद के जल क्रीड़ा विशेषज्ञ भूपेन्द्र सिंह तथा ऑफिसर कमांडिंग विपिन मिश्रा, डिप्टी कमांडेंट आशुतोष बिष्ट, पर्यटन विभाग से प्रतिनिधि मनोज बिजल्वाण एवं दरमियान नेगी द्वारा प्रतिभाग कर प्रशिक्षुत्तियों का मनोबल बढाया ।

*प्रशिक्षण का विवरण:*
इस 15 दिवसीय पाठ्यक्रम में उत्तराखण्ड के समस्त जनपदों से चयनित कुल *20 प्रशिक्षुओं* ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण को तीन चरणों में संचालित किया गया:
1. *प्रथम 05 दिवस* – जीवन रक्षक तकनीक / लाइफ सेविंग तकनीक
2. *द्वितीय 05 दिवस* – पावर बोट हैंडलिंग एवं टिलर
3. *तृतीय 05 दिवस* – वाटर स्कीइंग

परिषद की यह पहल राज्य में जल क्रीड़ा पर्यटन को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले प्रशिक्षुओं को राष्ट्रीय जल क्रीड़ा संस्थान, गोवा द्वारा प्रमाणित लाइसेंस प्रदान किया जाएगा। यह लाइसेंस भारत के साथ-साथ सम्पूर्ण मध्य-पूर्व क्षेत्र में मान्य है।

उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद का उद्देश्य इस प्रकार के प्रशिक्षणों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को व्यावसायिक रूप से सक्षम बनाकर राज्य में साहसिक पर्यटन को विश्व स्तरीय पहचान दिलाना है।

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, टिहरी गढ़वाल।*

‎*(सफलता की कहानी)*

‎*ग्रामोत्थान परियोजना से बदली भैंसकोटी की महिलाओं की जिंदगी, बेकरी उद्यम से आत्मनिर्भरता की नई कहानी*

‎*मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ग्रामोत्थान परियोजना बनी मजबूत सहारा*

‎*सूचना/टिहरी/19 अगस्त, 2026;*
‎टिहरी जनपद के विकासखंड थौलधार के ग्राम भैंसकोटी की राजेश्वरी सकलानी, गीता भट्ट, आशा देवी, रजनी, अनीता, विशिला देवी और शकुन्तला देवी आज क्षेत्र में सफल उद्यमी महिलाओं के रूप में पहचान बना रही हैं। कभी घर-गृहस्थी, पशुपालन और खेती तक सीमित रहने वाली इन महिलाओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में संचालित ग्रामोत्थान परियोजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार की राह पकड़ी और आज न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि क्षेत्र की अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

‎भैंसकोटी की ये सात महिलाएं दिव्य ग्राम संगठन से जुड़ी हैं। संगठन के अंतर्गत शिवालय स्वयं सहायता समूह, संतोषी समूह और लक्ष्मी समूह की महिलाओं ने जनवरी 2026 से ग्रामोत्थान परियोजना के सहयोग से बेकरी उद्यम शुरू किया। परियोजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता, मार्गदर्शन और उद्यम स्थापित करने के लिए आवश्यक सहयोग मिला।

‎ग्रामोत्थान परियोजना के तहत दिव्य ग्राम संगठन का चयन उद्यम सर्वेक्षण के दौरान किया गया। परियोजना टीम द्वारा भौतिक सत्यापन के बाद संगठन को 6 लाख रुपये की परियोजना सहायता राशि उपलब्ध कराई गई। इसके अतिरिक्त 3 लाख रुपये का बैंक ऋण और 1 लाख रुपये का स्वयं का अंशदान मिलाकर कुल 10 लाख रुपये की लागत से बेकरी उद्यम स्थापित किया गया।

‎राजेश्वरी सकलानी बताती हैं कि जनवरी 2026 में परियोजना से मिली सहायता से बेकरी के लिए मशीनें और अन्य आवश्यक उपकरण खरीदे गए। इसके बाद महिलाओं ने स्थानीय उत्पादों और क्षेत्र की पसंद को ध्यान में रखते हुए मंडुवा बिस्किट, आटा बिस्किट, मशरूम बिस्किट, फैन, बन, ब्रेड और केक सहित विभिन्न बेकरी उत्पाद तैयार करने शुरू किए। इन उत्पादों की बिक्री थौलधार, कमांद, कांडीखाल और टिहरी के बाजारों में मांग के अनुसार की जा रही है।

‎आज इस छोटे से ग्रामीण उद्यम से महिलाओं को हर माह लगभग 50 से 60 हजार रुपये की आय हो रही है, जिसमें करीब 30 से 40 हजार रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित हो रहा है। इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आया है और उनके परिवारों को आत्मनिर्भरता की नई राह मिली है।

‎महिलाएं बताती हैं कि पहले उनका जीवन घरेलू कार्य और खेती-किसानी तक सीमित था, लेकिन ग्रामोत्थान परियोजना ने उन्हें अपनी क्षमता को पहचानने और उसे उद्यम में बदलने का अवसर दिया। आज वे स्वयं अपने व्यवसाय का संचालन कर रही हैं, बाजार की मांग के अनुसार उत्पाद तैयार कर रही हैं और अपनी मेहनत से आय अर्जित कर रही हैं। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को नई दिशा मिली है।

‎राजेश्वरी सकलानी और उनके समूह की महिलाओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जिला प्रशासन तथा ग्रामोत्थान परियोजना की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं और सहयोग ने उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर दिया है। अब वे अपने व्यवसाय को और आगे बढ़ाने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को इससे जोड़ने की दिशा में काम करना चाहती हैं।

प्रभारी ‎परियोजना निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण ज्योति ने बताया कि परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को स्थानीय संसाधनों एवं उनकी क्षमता के अनुरूप स्वरोजगार से जोड़ना है। भैंसकोटी की महिलाओं की सफलता इस बात का उदाहरण है कि उचित मार्गदर्शन, वित्तीय सहयोग और मेहनत के बल पर ग्रामीण महिलाएं सफल उद्यम खड़ा कर सकती हैं। परियोजना के माध्यम से ऐसे और समूहों को चिह्नित कर उन्हें उद्यम स्थापना एवं आजीविका संवर्धन के लिए आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है।

‎भैंसकोटी की महिलाओं की यह कहानी ‘सरकार की योजना, महिलाओं की मेहनत और आत्मनिर्भर गांव’ की उस तस्वीर को सामने लाती है, जिसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में साकार करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ा रही है।

बाइट – प्रभारी परियोजना निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण ज्योति*
आगे पढ़ें
टिहरी गढ़वाल, 19 अगस्त 2026

*उप जिला अस्पताल में जटिल ऑपरेशन सफल, 700 ग्राम का रक्त से भरा गर्भाशय निकाला*

टिहरी गढ़वाल क्षेत्रांतर्गत नरेंद्रनगर के उपजिला अस्पताल नरेंद्रनगर में चिकित्सकों की टीम ने करीब 2.5 घंटे तक चले एक जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। असामान्य गर्भाशय रक्तस्राव और निचले पेट में दर्द की शिकायत के साथ अस्पताल पहुंची महिला की आवश्यक जांचों के बाद गर्भाशय की सर्जरी की गई।

ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों ने करीब 700 ग्राम वजन का रक्त से भरा हुआ गर्भाशय सफलतापूर्वक निकाला। जटिलता को देखते हुए ऑपरेशन के दौरान पूरी टीम ने समन्वय के साथ कार्य किया।

सर्जिकल टीम का नेतृत्व डॉ. वर्षा पवार ने किया, जबकि जनरल सर्जन डॉ. दीपाशा वर्मा ने ऑपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. अनुराग अग्रवाल और डॉ. शिवानी ने मरीज को सामान्य बेहोशी देकर नियंत्रित श्वसन एवं वेंटिलेटर सपोर्ट के साथ एनेस्थीसिया प्रबंधन किया। ऑपरेशन थिएटर टीम में गीता सिस्टर और अमित वार्ड बॉय भी शामिल रहे।

CMS डॉ. अमित राय ने सफल ऑपरेशन के लिए पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में हर्निया, हाइड्रोसील, गॉलब्लैडर सहित अन्य सर्जिकल ऑपरेशन भी शुरू किए गए हैं, जिससे क्षेत्र के मरीजों को उपचार के लिए दूर जाने की आवश्यकता कम होगी।

CMS ने कहा कि अस्पताल में विशेषज्ञ सेवाओं और सर्जिकल सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इस जटिल ऑपरेशन को सफल बनाने वाली पूरी चिकित्सकीय एवं OT टीम को बधाई दी।आगे पढ़ें

*वन अधिकारी प्राकृतिक संपदा के प्रहरी, वन संरक्षण राष्ट्र सेवा का महत्वपूर्ण दायित्वः राज्यपाल*

*स्थानीय समुदायों की भागीदारी और आधुनिक तकनीक से वन संरक्षण को नई दिशा देने का आह्वान*

*लोक भवन देहरादून 19 अगस्त, 2026*

उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने आज देहरादून स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए) में भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के परिवीक्षार्थियों को संबोधित किया।

इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान राज्यपाल ने उपराष्ट्रपति का उत्तराखण्ड में हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनके गरिमामय सान्निध्य और मार्गदर्शन को सभी के लिए प्रेरणादायी बताया।

राज्यपाल ने भारतीय वन सेवा के युवा अधिकारियों से वन एवं प्राकृतिक संपदा के संरक्षण को राष्ट्र सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व मानते हुए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सीमा पर सैनिक देश की भौगोलिक सीमाओं की रक्षा करता है, जबकि वन अधिकारी देश की प्राकृतिक संपदा के प्रहरी होते हैं। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, जल संकट, जैव विविधता का क्षरण और प्राकृतिक आपदाएँ आज गंभीर चुनौतियाँ हैं। ऐसे समय में भारतीय वन सेवा की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। वन केवल पेड़ों का समूह नहीं, बल्कि जल के स्रोत, जीवन का आधार और जैव विविधता के प्रहरी हैं।

राज्यपाल ने वन संरक्षण में स्थानीय समुदायों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जिन लोगों का जंगलों से पीढ़ियों पुराना संबंध है, उनके अनुभव और पारंपरिक ज्ञान को समझना आवश्यक है। गैर-इमारती वन उत्पाद, औषधीय पौधे, स्थानीय उत्पाद, इको-टूरिज्म और वन आधारित छोटे उद्योग ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने में सहायक हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जब स्थानीय समुदायों को वनों से सम्मानजनक आजीविका और विकास के अवसर मिलेंगे, तो वे स्वयं वनों के सबसे मजबूत प्रहरी बनेंगे।

राज्यपाल ने वन प्रशासन में आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन, उपग्रह तकनीक, रिमोट सेंसिंग और डेटा आधारित निर्णय वन प्रबंधन को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों से नई तकनीकों को अपनाने, नवाचार करने और पारंपरिक चुनौतियों के लिए नए समाधान तलाशने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने युवा अधिकारियों से कहा कि उनका कार्यक्षेत्र और परिस्थितियाँ भले ही बदलती रहें, लेकिन राष्ट्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव अडिग रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की दृष्टि व्यापक, सोच वैज्ञानिक, निर्णय निष्पक्ष और हृदय संवेदनशील होना चाहिए।

कार्यक्रम में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी, देहरादून के निदेशक डॉ. राजेन्द्र प्रसाद खजुरिया, कोर्स निदेशक श्रीमती अजीता लौंगजाम सहित भारतीय वन सेवा के वरिष्ठ अधिकारी एवं परिवीक्षार्थी उपस्थित रहे।
आगे पढ़ें

*लोक भवन देहरादून 19 अगस्त, 2026*

उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन के उत्तराखण्ड प्रवास के अवसर पर लोक भवन में बुधवार को एक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखण्ड की लोक परंपराओं, संस्कृति और कला के साथ भारतीय संस्कृति की विविधता की सुंदर झलक देखने को मिली। कलाकारों ने संगीत, नृत्य और अभिनय के माध्यम से उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान, देश की एकता और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों में भारतीय संस्कृति की विविधता में एकता का संदेश भी देखने को मिला।

कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि), प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ, सचिव राज्यपाल श्री रविनाथ रामन, विधि परामर्शी श्री कौशल किशोर शुक्ल, अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
आगे पढ़ें

भीषण सड़क हादसे में एक की मौत,दो की हालत नाजूक
Lavc57.107.100

देहरादून। बुधवार की सुबह प्रसिद्ध मणिमाई मंदिर के निकट  एक हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस घटना की पड़ताल में जुट गई है। फिल्हाल मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे है।
मिली जानकारी के अनुसार मणिमाई मंदिर के समीप बुधवार एक चलते पिकअप वाहन का अचानक पिछला पहिया निकल गया। इससे अनियंत्रित होकर पिकअप वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही इको कार सीधे पिकअप में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको के परखच्चे उड़ गए। हादसे में इको वाहन में आगे बैठे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इको में सवार अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें पुलिस ने 108 की मदद से दून अस्पताल भेजा, जहां दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर टोल के निकट भीषण जाम लग गया। करीब 1 घंटे तक यातायात बाधित रहा. सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार है। पुलिस ने मामला में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
आगे पढ़ें

श्रीनगर की निर्दलीय मेयर के साथ 10 पार्षद भाजपा में शामिल
श्रीनगर। श्रीनगर गढ़वाल विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को झटका देते हुए भाजपा ने 2027 चुनाव के लिए बढ़त बना ली है। श्रीनगर नगर निगम की महापौर आरती भंडारी व उनके पति समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी के नेतृत्व में नगर निगम के 10 पार्षदों ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। सीएम पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में सभी ने बुधवार को देहरादून में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा में शामिल होने वाले पार्षदों में विजय चमोली सोनू, मीना भारती, भावना चैहान, अंजनी भंडारी, आशीष नेगी, अनुराग चैहान, राजकुमार, नरेंद्र सिंह रावत, धर्म सिंह रावत और प्रवेश चमोली शामिल हैं. इनमें अनुराग चैहान और राजकुमार कांग्रेस के पार्षद हैं, जबकि अन्य निर्दलीय हैं। इस पूरे घटनाक्रम को श्रीनगर की स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बता दें कि महापौर आरती भंडारी इससे पहले जिला पंचायत सदस्य और ब्लॉक प्रमुख खिर्सू की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। वरिष्ठ समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी भी पूर्व में जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। वहीं इस दौरान महापौर आरती भंडारी ने कहा कि, भाजपा में शामिल होना उनके लिए विचारधारा और विकास के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि,सीएम पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के सहयोग से श्रीनगर नगर निगम के विकास कार्यों को लगातार गति मिली है। भाजपा की विचारधारा उनके लिए नई नहीं है। वे पहले भी भाजपा परिवार का हिस्सा रही हूं। आज अपने साथियों के साथ पार्टी में शामिल होकर उन्हे बेहद खुशी और गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य श्रीनगर के विकास और जनता की सेवा करना है। आने वाले समय में सरकार और संगठन के सहयोग से श्रीनगर को और बेहतर एवं विकसित नगर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।
आगे पढ़ें
बुजुर्ग महिला से चेन लूटने का आरोपी मुठभेड के बाद गिरफ्तार

देहरादून। 14 अगस्त को बुजुर्ग महिला की चेन लूटने के आरोपी को  मंगलवार देर रात बसंत विहार पुलिस ने बदमाश मुठभेड के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।  आरोपी की पहचान आकाश उर्फ तमंचा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, देर रात हरबंसवाला बैरियर पर सघन वाहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी पर सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया। तो वह रूकने की जगह टी-स्टेट की ओर भाग निकला। शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पहले प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल के साथ अस्पताल का भी निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा (27) पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है। वह 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में 75 वर्षीय महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना का आरोपी है। उसके खिलाफ बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद की। प्रारंभिक जांच में स्कूटी के कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी होने की बात सामने आई है। आरोपी से लूटी गई बुर्जुग महिला की चेन भी बरामद कर ली गई है।
आगे पढ़ें
कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग का पुल टूटा,यातायात प्रभावित

पिथौरागढ़। बुधवार सुबह जिले में धारचूला-तवाघाट एनएच पर पत्थर और बोल्डर गिरने से कूलागाड़ पुल क्षतिग्रस्त हो गया। पुल को नुकसान पहुंचने के बाद इस मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद सीमा सड़क संगठन  की टीम मौके पर पहुंची और मार्ग को सुचारू करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर काम शुरू कर दिया है।
बीआरओ की ओर से बताया गया है कि कूलागाड़ पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद यातायात को वैकल्पिक मार्ग से संचालित करने के लिए डायवर्जन तैयार किया जा रहा है। बीआरओ के अनुसार बुधवार शाम तक डायवर्जन का काम पूरा कर लिए जाने की उम्मीद है। इसके बाद मार्ग पर आवागमन को सामान्य करने की कोशिश है। कूलागाड़ पुल को हुए नुकसान के बीच कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर भी प्रशासन और संबंधित एजेंसियां अलर्ट हैं। कैलाश मानसरोवर यात्रा का नौवां जत्था  बुधवार को भारत में प्रवेश करेगा। इस जत्थे में कुल 48 सदस्य शामिल है। इसके अलावा केएमवीएन के तीन कुक भी जत्थे के साथ है। यात्रा के अगले जत्थे की भी जानकारी सामने आई है। 10वां जत्था फिलहाल तिब्बत में ही है, जिसके 23 अगस्त 2026 को भारत में प्रवेश करने की संभावना है। इस जत्थे में कुल 44 सदस्य हैं, जबकि केएमवीएन के तीन कुक भी यात्रियों के साथ शामिल हैं। धारचूला-तवाघाट मार्ग सीमांत क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। मानसून के दौरान पहाड़ों से पत्थर और बोल्डर गिरने के कारण इस मार्ग पर यातायात को अक्सर चुनौती का सामना करना पड़ता है। ऐसे में कूलागाड़ पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद बीआरओ की प्राथमिकता जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था तैयार कर यातायात बहाल करना है।
फिलहाल सभी की निगाहें बीआरओ के डायवर्जन कार्य पर टिकी हैं। खास तौर पर कैलाश मानसरोवर यात्रा के जत्थों की आवाजाही को देखते हुए मार्ग की स्थिति और यातायात व्यवस्था को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शाम तक डायवर्जन तैयार होने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
आगे पढ़ें

पुल का निर्माण अधूरा , जान जोखिम में करनी पड़ रही आवाजाही
उत्तरकाशी। यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र के नौगांव विकासखंड के कुपड़ा-कुंशाला-त्रिखीली मोटर मार्ग पर गड़गाड़ में निर्माणाधीन मोटर पुल भी ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। एक साल बीतने के बाद भी पुल का निर्माण पूरा नहीं हुआ है। सड़क की स्थिति भी दयनीय है। ग्रामीणों को अस्थायी रास्तों से जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी महावीर पंवार माही ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग की लापरवाही का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि उक्त स्थान का विधायक और मुख्यमंत्री धरातलीय निरीक्षण कर चुके हैं। निरीक्षण के बाद ग्रामीणों को उम्मीद थी कि पुल और सड़क का काम जल्द पूरा होगा, लेकिन करीब एक साल बाद भी स्थिति जस की तस है। पुल अधूरा होने से ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने सरकार और संबंधित विभाग से मोटर पुल का निर्माण जल्द पूरा कराने तथा सड़क मार्ग को दुरुस्त करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। एक ओर बारिश और भूस्खलन से रास्ते असुरक्षित हैं, तो दूसरी ओर अधूरे पुल और बदहाल सड़क ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब लोगों को प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का इंतजार है।

Next Post

प्रोफेसर हरभजन सिंह चौहान को गढ़वाल विश्वविद्यालय के श्रीनगर का निदेशक का दायित्व

Likhwar gaon,मूल रूप से चमियाला विकासखंड भिलंगना के निवासी (मानव विज्ञान ) एंथ्रोपोलॉजी के वरिष्ठ प्रोफेसर हरभजन सिंह चौहान को गढ़वाल विश्वविद्यालय के सबसे बड़े एवं भव्य परिसर श्रीनगर का प्रथम निदेशक का दायित्व संभालने पर बहुत-बहुत हार्दिक बधाई एवं मंगलकामनाएँ। आप अपने व्यवहार-कुशल व्यक्तित्व, कुशल नेतृत्व एवं लंबे शैक्षणिक […]

You May Like