
बर्फ ने बढ़ाई चुनौती, 136 ट्रैकर्स पर प्रशासन की नजर! सोमवार को हेली रैकी, जरूरत पड़ी तो एयर रेस्क्यू
उत्तरकाशी। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद ट्रैकिंग और पर्वतारोहण अभियानों में जुटे लोगों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर आ गया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने रविवार को आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी रेखीय विभागों की बैठक लेकर ट्रैकर्स, पर्वतारोहियों और पोर्टरों को सुरक्षित नीचे लाने के लिए राहत एवं बचाव व्यवस्था को सक्रिय कर दिया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर विभिन्न ट्रैकिंग रूटों और बेस कैंपों में मौजूद लोगों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सोमवार को हेली रैकी कराने के साथ जरूरत पड़ने पर हवाई रेस्क्यू शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम की चुनौती को देखते हुए हेली सेवाओं को पूरी तरह अलर्ट रहने को कहा गया है।
136 लोग उच्च हिमालय में मौजूद
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार उच्च हिमालयी क्षेत्रों में इस समय कुल 136 पर्वतारोही, ट्रैकर और सहयोगी स्टाफ मौजूद हैं। इनमें हाई अल्टीट्यूड एक्सपीडिशन के 89 सदस्य, जबकि कालिंदी पास बेस कैंप में 18 और ऑडिन कोल पास बेस कैंप में 29 सदस्य शामिल हैं।
प्रशासन की प्राथमिकता इन सभी लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना है।
राशन से लेकर डॉक्टर और एंबुलेंस तक तैयार
संभावित रेस्क्यू को देखते हुए ट्रैकर्स के लिए राशन, पैक्ड फूड और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। चिकित्सकों की टीमें, जरूरी दवाइयां और एंबुलेंस समीपवर्ती क्षेत्रों में तैयार रखने को कहा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, एनआईएम और वन विभाग की टीमें भी अलर्ट मोड में काम कर रही हैं। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से सैटेलाइट संचार के जरिए एक्सपीडिशन गाइडों से लगातार संपर्क साधा जा रहा है और ट्रैकिंग रूटों पर मौजूद लोगों की स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है।
मौके की निगरानी को एडीएम हर्षिल रवाना
बेहतर समन्वय और जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र हर्षिल के लिए रवाना हो गई हैं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से काम करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में एसपी कमलेश उपाध्याय, सीडीओ जय भारत सिंह, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, एसडीएम शालिनी नेगी, एसई लोनिवि विजय कुमार और डीडीएमओ शार्दूल गुसाईं सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
फिलहाल प्रशासन की नजर मौसम और हाई अल्टीट्यूड रूटों पर टिकी है। सोमवार की हेली रैकी के बाद जरूरत के मुताबिक रेस्क्यू ऑपरेशन को आगे बढ़ाया जाएगा।

