
# सिंचाई योजनाओं को निशाना बनाने वाले चोर गिरफ्तार, 96 किलो केबल-धातु बरामद!
**पुरोला पुलिस ने देहरादून के सहसपुर से दबोचे दो आरोपी, चोरी में इस्तेमाल अर्बन क्रूजर कार और कटर भी बरामद**
**उत्तरकाशी।**
पुरोला क्षेत्र में सिंचाई लिफ्ट पंपिंग योजनाओं को निशाना बनाकर कॉपर केबल और मोनोब्लॉक चोरी करने वाले गिरोह का पुरोला पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अंकित कुमार समेत दो युवकों को देहरादून के सहसपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 96.41 किलोग्राम चोरी का केबल एवं धातु संबंधी सामान बरामद किया गया है।
मामला 31 अक्टूबर 2026 का है, जब चोरों ने पुरोला की रामा सिंचाई लिफ्ट योजना और ध्योरा लिफ्ट योजना से कॉपर केबल एवं मोनोब्लॉक चोरी कर लिए थे। इस संबंध में सहायक अभियंता की तहरीर पर थाना पुरोला में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष दीपक कठैत के नेतृत्व में गठित टीम ने सुरागरसी और साक्ष्य जुटाते हुए चोरी का खुलासा किया।
पुलिस ने 4 नवंबर को सहसपुर, देहरादून से मुख्य आरोपी **अंकित कुमार (26 वर्ष), निवासी पुरोला** और **सलमान (27 वर्ष), निवासी खुशहालपुर, सहसपुर** को गिरफ्तार किया।
आरोपियों से बरामद 96.41 किलोग्राम माल में करीब 59 किलोग्राम तांबे के तार और 38 किलोग्राम केबल के खोल व अन्य धातु शामिल हैं। इसके अलावा ताले तोड़ने और तार काटने में इस्तेमाल किया गया कटर तथा वारदात में प्रयुक्त अर्बन क्रूजर कार संख्या UK 07 DU 7850 भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अंकित कुमार के खिलाफ टिहरी और रानीपोखरी में भी चोरी के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। उसके आपराधिक इतिहास की पड़ताल की जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
**कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में** उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह, प्रभारी चौकी नौगांव, हेड कांस्टेबल बबलू खान, कांस्टेबल नीरज और कांस्टेबल अरुण कुमार शामिल रहे।


