
त्योहारी सीजन में नशा तस्करों पर उत्तरकाशी पुलिस का शिकंजा!
नौगांव में 722 ग्राम चरस के साथ 18 वर्षीय युवक गिरफ्तार, कीमत करीब 1.44 लाख रुपये
बड़कोट/उत्तरकाशी। त्योहारी सीजन में नशा तस्करी के खिलाफ उत्तरकाशी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में नौगांव पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक 18 वर्षीय युवक को 722 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद चरस की कीमत करीब 1.44 लाख रुपये है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपदभर में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत के नेतृत्व में 23 अक्टूबर 2026 की शाम नौगांव चौकी पुलिस टीम ने नौगांव-डामटा मार्ग पर स्योरी बैंड के पास चेकिंग के दौरान युवक को पकड़ा।
गिरफ्तार युवक की पहचान सार्थक कोठारी पुत्र प्रसाद कोठारी, निवासी लेन नंबर-6, शास्त्री नगर, देहरादून, उम्र 18 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 722 ग्राम अवैध चरस बरामद की। मामले में थाना पुरोला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
🚨 2026 में अब तक 38 नशा तस्कर गिरफ्तार
उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के 29 मामलों में 38 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 55.14 लाख रुपये मूल्य की 10.5 किलोग्राम से अधिक चरस और 88.21 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसके अतिरिक्त चार नशा तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
ये रही पुलिस टीम
- उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह, चौकी प्रभारी नौगांव
- हेड कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार
उत्तरकाशी पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।


