
टिहरी झील को मिले अंतरराष्ट्रीय पहचान, मेडिकल कॉलेज का मुद्दा संसद तक पहुंचाएंगे: इमरान प्रतापगढ़ी
नई टिहरी। भारत सरकार की परिवहन, पर्यटन एवं संस्कृति संबंधी संसदीय स्थायी समिति के दो दिवसीय अध्ययन भ्रमण के तहत टिहरी पहुंचे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद एवं प्रसिद्ध शायर इमरान प्रतापगढ़ी का प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने आत्मीय स्वागत किया।
ताज होटल में प्रदेश कांग्रेस महासचिव राकेश राणा, पूर्व राज्य मंत्री सैयद मुशर्रफ अली और प्रदेश सचिव एडवोकेट राकेश मियां ने गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
इस दौरान इमरान प्रतापगढ़ी ने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में धार्मिक, सांस्कृतिक और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। पिरान कलियर से गंगोत्री और धारचूला से यमुनोत्री तक प्रकृति ने प्रदेश को अनमोल सौगातें दी हैं। उन्होंने कहा कि शांत वादियां, पवित्र नदियां और हिमालय की पर्वत श्रृंखलाएं देश की एकता और अखंडता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यटन को योजनाबद्ध तरीके से विकसित कर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जाने चाहिए। संसदीय स्थायी समिति के अध्ययन भ्रमण का उद्देश्य भी प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को करीब से समझना है।
टिहरी झील को पर्यटन के अंतरराष्ट्रीय नक्शे पर लाने की मांग
प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने सांसद इमरान प्रतापगढ़ी को टिहरी की विभिन्न समस्याओं और विकास की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने टिहरी झील को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने, जल क्रीड़ा और साहसिक खेलों को बढ़ावा देने तथा पर्यटन से स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग रखी।
मेडिकल कॉलेज का मुद्दा संसद में उठाने का आग्रह
पूर्व राज्य मंत्री सैयद मुशर्रफ अली ने नई टिहरी में लंबे समय से चल रहे टिहरी मेडिकल कॉलेज आंदोलन की जानकारी सांसद को दी और इस जनहित के मुद्दे को संसद में उठाने का आग्रह किया।
इमरान प्रतापगढ़ी ने संबंधित दस्तावेज और पत्रावली उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने आश्वासन दिया कि दस्तावेज मिलने के बाद इस विषय को आने वाले समय में सदन के समक्ष रखने का प्रयास करेंगे।
पहाड़ी अरसे और रोटाने से हुआ स्वागत
प्रदेश कांग्रेस की ओर से सांसद को अग्राखाल के प्रसिद्ध पहाड़ी अरसे और रोटाने भेंट किए गए। कांग्रेस नेताओं ने इसे टिहरी की लोक-संस्कृति, परंपरा और पहाड़ी आतिथ्य का प्रतीक बताया।
टिहरी प्रवास के दौरान इमरान प्रतापगढ़ी ने खूबसूरत मौसम और गंगा की कल-कल करती स्वर-लहरियों के बीच अपने पिताजी के साथ समय बिताया और बचपन की यादें भी ताजा कीं।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश सचिव एवं पूर्व राज्यमंत्री सैयद मुशर्रफ अली, प्रदेश कांग्रेस महासचिव राकेश राणा तथा प्रदेश सचिव एवं पूर्व महानगर अध्यक्ष ऋषिकेश एडवोकेट राकेश मियां मौजूद रहे।

