
11 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे यमुनोत्री धाम के कपाट, खरसाली में होंगे मां यमुना के दर्शन!
उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट इस वर्ष शीतकाल के लिए 11 नवंबर 2026 को बंद किए जाएंगे। विजयादशमी के पावन अवसर पर तीर्थ पुरोहितों और मंदिर समिति की ओर से मां यमुना के कपाट बंद होने की तिथि और शुभ मुहूर्त निर्धारित किया गया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बुधवार, 11 नवंबर 2026 को भैयादूज के पावन पर्व पर सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
कपाट बंद होने के बाद आगामी छह माह तक श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन और पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन गद्दी स्थल खुशीमठ, खरसाली में कर सकेंगे। इसके साथ ही यमुनोत्री धाम की शीतकालीन पूजा परंपरा खरसाली में संचालित होगी।
चारधाम यात्रा के समापन की ओर बढ़ते कदमों के बीच मां यमुना के कपाट बंद होने की तिथि तय होने से श्रद्धालुओं को अब शीतकालीन दर्शन की तैयारियों के लिए स्पष्ट कार्यक्रम मिल गया है।


