
16 अक्टूबर को होगा जिला योजना समिति का चुनाव, इसी दिन मतगणना भी!
13 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच, 14 अक्टूबर को नाम वापसी का मौका; निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने तक आचार संहिता लागू
देहरादून। उत्तराखंड में जिला योजना समितियों के सदस्यों के सामान्य निर्वाचन की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, हरिद्वार जिला पंचायत के संपूर्ण क्षेत्र को छोड़कर प्रदेश के अन्य जनपदों में निर्धारित प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों से जिला योजना समिति के सदस्यों का चुनाव कराया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 अक्टूबर को नामांकन की प्रक्रिया पूरी की गई। अब 13 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे।
16 अक्टूबर को मतदान और मतगणना
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 16 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन दोपहर 3 बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जो कार्य समाप्ति तक जारी रहेगी।
राज्य निर्वाचन आयोग ने संबंधित जिला मजिस्ट्रेटों को निर्वाचन अधिकारी के रूप में सार्वजनिक सूचना जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, जिला पंचायत मुख्यालय और नगरीय निकायों के सूचना पट्टों पर भी सार्वजनिक सूचना प्रदर्शित की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने स्पष्ट किया कि अधिसूचना जारी होने की तिथि से निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने तक संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहेगी।


