
332 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, सीएम धामी ने बांटे नियुक्ति पत्र
देहरादून, 05 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयुष विभाग के 271 और कर्मचारी राज्य बीमा योजना के 61 एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारियों समेत कुल 332 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए सेवाभाव, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलना युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है और इसके साथ जनसेवा की नई जिम्मेदारी भी शुरू होती है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी को केवल रोजगार नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर सेवाएं पहुंचाने का माध्यम समझें।
धामी ने कहा कि सरकार ने भर्ती व्यवस्था को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया है। नकल विरोधी कानून और नकल माफिया पर कार्रवाई के चलते युवाओं को उनकी मेहनत और योग्यता के आधार पर अवसर मिल रहे हैं। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने की बात भी उन्होंने कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को मॉडल आयुष प्रदेश और ग्लोबल वेलनेस हब बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। सभी जनपदों में आयुष सेवाओं का विस्तार, पंचकर्म सेवाओं का आधुनिकीकरण और आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्रों की स्थापना की जा रही है।
उन्होंने बताया कि ईएसआई स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर योजना को सभी 13 जनपदों तक पहुंचाया गया है। रुद्रपुर में 100 बेड का ईएसआई अस्पताल शुरू हो चुका है, जबकि हरिद्वार में 300 बेड के अस्पताल का निर्माण चल रहा है।
कार्यक्रम में आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ व सविता कपूर सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


