
निहाल नदी पर बनेगा नया पुल, आपदा प्रभावितों को भी राहत—सीएम धामी ने दी ₹4 करोड़ की मंजूरी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों, कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों और अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए करीब ₹4 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने जनपद नैनीताल के कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में रामनगर-कालाढूंगी-हल्द्वानी-काठगोदाम-चोरगलिया-सितारगंज-बिजटी राज्यमार्ग संख्या-41 के किमी 36 में निहाल नदी पर क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर 21 मीटर लंबे आरसीसी सेतु के निर्माण के लिए ₹3.96 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया है।
वहीं, उत्तरकाशी के ग्राम मोल्डा में अतिवृष्टि और भूस्खलन से प्रभावित 7 परिवारों को अन्यत्र किराये के भवनों में रखने के लिए छह माह तक प्रतिमाह ₹4 हजार की दर से कुल ₹1.68 लाख की सहायता स्वीकृत की गई है।
देहरादून के हाथीबड़कला क्षेत्र के पथरियापीर में सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित 4 परिवारों को छह माह तक किराये के भवन में रखने के लिए कुल ₹96 हजार की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इसके अलावा अल्मोड़ा में प्राकृतिक आपदा से पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त आवासीय भवन के प्रभावित परिवार को ₹3 लाख तथा प्राकृतिक आपदा में मृतकों के आश्रितों को एसडीआरएफ मानकों के अतिरिक्त प्रति मृतक ₹1 लाख की दर से राहत राशि वितरण के लिए ₹3 लाख मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत किए गए हैं।
इसी क्रम में कुम्भ मेला-2027 के तहत हरिद्वार में केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत कार्यों के सुचारू संचालन के लिए निर्धारित ₹100 करोड़ की सीमा के अंतर्गत द्वितीय चरण में अवशेष ₹20 लाख की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री की स्वीकृतियों से एक ओर क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे के निर्माण को गति मिलेगी, वहीं दूसरी ओर आपदा प्रभावित परिवारों को अस्थायी आवास और राहत उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।


