HTML tutorial

टिहरी के सनंत कुमार बने उत्तराखंड हॉकी एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्य

Pahado Ki Goonj

टिहरी के सनंत कुमार बने उत्तराखंड हॉकी एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्य
टिहरी। उत्तराखंड हॉकी एसोसिएशन की चुनावी बैठक हल्द्वानी में संपन्न हुई, जिसमें नई राज्य कार्यकारिणी का गठन किया गया। चुनाव में ध्रुव मुंज्याल को अध्यक्ष और भूपाल सिंह चौपाल को सचिव निर्वाचित किया गया।
चुनावी प्रक्रिया के दौरान भारतीय ओलंपिक संघ के पूर्व महासचिव एवं फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव तथा उत्तरांचल ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव राजीव मेहता भी मौजूद रहे।
इस दौरान टिहरी हॉकी एसोसिएशन के सचिव सनंत कुमार को उत्तराखंड हॉकी एसोसिएशन का कार्यकारिणी सदस्य चुना गया। राज्य कार्यकारिणी में टिहरी की भागीदारी से जिले के हॉकी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह है।
माना जा रहा है कि राज्य स्तर पर जिले की भागीदारी से टिहरी में हॉकी के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और स्थानीय प्रतिभाओं को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के प्रयासों को गति मिलेगी।
2. नरेंद्रनगर की खो-खो टीमों का जलवा, अंडर-17 और अंडर-19 में प्रथम
टिहरी। जनपद स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता में नरेंद्रनगर विकासखंड की खो-खो टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया है। अंडर-19 और अंडर-17 बालक वर्ग में नरेंद्रनगर की टीमों ने प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन के बाद खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों में उत्साह का माहौल है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने विजेता टीमों के खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से जनपद को खेलों के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल होंगी।
3. अंडर-17 फुटबॉल टीम के लिए 4 अक्टूबर को ट्रायल
टिहरी। राज्य स्तरीय आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए टिहरी गढ़वाल की अंडर-17 बालक टीम का चयन किया जाएगा। इसके लिए 4 अक्टूबर को मुनि की रेती स्थित श्री पूर्णानंद स्टेडियम में सुबह 11 बजे से चयन ट्रायल आयोजित होंगे।
जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने बताया कि राज्य स्तरीय अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता 13 से 17 अक्टूबर तक योगस्थली खेल परिसर, रोशनाबाद, हरिद्वार में आयोजित होगी। इसमें प्रतिभाग करने के लिए टिहरी जनपद की टीम को भी आमंत्रित किया गया है।
जनपद के इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित तिथि और समय पर चयन ट्रायल में प्रतिभाग कर सकते हैं। चयन ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को खेल विभाग की ओर से कोई भत्ता देय नहीं होगा।
चयन ट्रायल से संबंधित जानकारी के लिए अंशकालिक खेल प्रशिक्षक अमित पंवार के मोबाइल नंबर 9760309648 पर संपर्क किया जा सकता है।
4. आंगन का मिलन: बच्चों संग बैठीं मंत्री रेखा आर्या, योजनाओं की दी जानकारी
टिहरी। नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के ओणी गांव स्थित स्मार्ट आंगनवाड़ी केंद्र में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने किशोरियों, माताओं और नन्हे-मुन्ने बच्चों से संवाद कर उनकी जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली।
मंत्री ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के केंद्र नहीं हैं, बल्कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और परिवारों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार का प्रयास है कि आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर बच्चों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ भोजन भी किया। गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराने के साथ विभिन्न लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकत्री आरती देवी और सहायिका पूनम को सम्मानित किया गया।
महालक्ष्मी किट से सुषमा, गंगा, रेशमा और मनीषा को लाभ मिला। गर्भवती महिलाओं काजल, प्रिया और पुष्पा को भी लाभान्वित किया गया। वहीं किशोरी बालिका योजना के तहत काजल, निधि, श्वेता, वैष्णवी और शिया को लाभ मिला।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौतम, सीडीपीओ संगीता परिहार, जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत, एसडीएम आशीष घिल्डियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।


5. ‘साईं सृजन पटल’ के 26वें अंक का विमोचन
डोईवाला। साहित्य, पत्रकारिता और रचनात्मक लेखन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रकाशित हो रही मासिक पत्रिका ‘साईं सृजन पटल’ के 26वें अंक का विमोचन दूरदर्शन के पूर्व सहायक निदेशक (कार्यक्रम) प्रताप सिंह रावत ने किया।
विमोचन कार्यक्रम में साहित्य, पत्रकारिता और रचनात्मक लेखन से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। मुख्य अतिथि प्रताप सिंह रावत ने कहा कि साहित्यिक पत्रिकाएं समाज में सकारात्मक विचारों के प्रसार के साथ नई प्रतिभाओं को मंच देने का काम करती हैं। उन्होंने पत्रिका के 26वें अंक के प्रकाशन पर संपादकीय टीम को शुभकामनाएं दीं।
पत्रिका के संपादक प्रो. (डॉ.) के. एल. तलवाड़ ने कहा कि ‘साईं सृजन पटल’ का उद्देश्य साहित्य, पत्रकारिता, शिक्षा, कला और सामाजिक सरोकारों से जुड़े रचनात्मक विचारों को मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि लगातार 26 अंकों का प्रकाशन साहित्य और लेखन के प्रति पाठकों की रुचि को दर्शाता है।
उपसंपादक अंकित तिवारी ने कहा कि पत्रिका के माध्यम से साहित्यिक रचनाओं के साथ समाज, शिक्षा, संस्कृति, पत्रकारिता और समसामयिक विषयों को भी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर लेखिका नीलम तलवाड़, इंसाइडी क्रिएटिव मीडिया के सीईओ अक्षत और स्टाफ मौजूद रहा।

 

You May Like