HTML tutorial

स्याबा के जौराई बुग्याल में बिखरी संस्कृति की रंगत, दूध-दही की होली ने मोहा मन ।

Pahado Ki Goonj

स्याबा के जौराई बुग्याल में बिखरी संस्कृति की रंगत, दूध-दही की होली ने मोहा मन ।

तीन दिवसीय पर्यटन मेले में उमड़ा उत्साह, विधायक सुरेश चौहान व भाजपा जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान रहे मौजूद
उत्तरकाशी, 
प्रकृति के अद्भुत सौंदर्य से आच्छादित स्याबा जौराई बुग्याल में तीन दिवसीय पर्यटन मेले का धूमधाम से आयोजन किया गया। मखमली बुग्याल, हिमालयी प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं के बीच आयोजित मेले में क्षेत्र की पौराणिक संस्कृति और परंपराओं की अनूठी झलक देखने को मिली।
ग्रामसभा स्याबा के ग्रामीणों ने अपनी पारंपरिक संस्कृति, भेष-भूषा और लोक परंपराओं के साथ समेश्वर देवता की देव डोली, पांडव देवताओं, कैलापीर एवं नागराज देवता की पूजा-अर्चना की। इस दौरान ग्रामीणों ने दूध, दही, मक्खन और मट्ठे की होली खेलकर पारंपरिक उत्सव को और भी खास बना दिया।
जौराई बुग्याल नाल्ड कठूड, गाजणा कठूड और थाती कठूड क्षेत्र से लगा हुआ रमणीय स्थल है। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु बेलक मार्ग से होते हुए भगवान केदार बाबा के मंदिर तक पहुंचते हैं। प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक आस्था से जुड़े इस क्षेत्र में देश-विदेश से पर्यटकों के पहुंचने की अपार संभावनाएं हैं।
मेले में पहुंचे गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि वह ग्रामीणों के साथ तीन दिवसीय यात्रा के दौरान जौराई बुग्याल में रहे। उन्होंने कहा कि यहां की प्राकृतिक सुंदरता हमेशा की तरह मनमोहक है। वह इससे पहले भी चार बार यहां आ चुके हैं और इस वर्ष फिर इस पवित्र भूमि पर पहुंचने का सौभाग्य मिला। उन्होंने स्याबा ग्रामवासियों को भव्य मेले के आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान ने कहा कि उत्तरकाशी जनपद में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि ऊंचे बुग्यालों में कम से कम एक रात रुककर प्रकृति के बीच समय बिताना मन को अद्भुत शांति प्रदान करता है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय संस्कृति और पर्यटन को देश-दुनिया तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख भट्टवाड़ी चन्दन पंवार, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बिनीता रावत, जिला पर्यटन अधिकारी खुशहाल नेगी, प्रदेश पंचायत प्रकोष्ठ संयोजक जगमोहन रावत, प्रधान कोटियाल गांव सुरेन्द्र पंवार, पूर्व प्रधान पाही प्रीतम रावत, पूर्व प्रधान गोरशाली नवीन राणा, भूपेन्द्र रावत, रामलखन चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

You May Like