
सोनगाड के पास ब्रेक फेल होने से टेंपो ट्रैवलर पलटा, 17 यात्री सवार।
गंगोत्री हाईवे पर बड़ा हादसा टला, सभी यात्री सुरक्षित; कुछ को आईं मामूली चोटें ।
उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनगाड के पास रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राजस्थान से यात्रियों को लेकर जा रहे एक टेंपो ट्रैवलर के अचानक ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक फेल होने के बाद वाहन सड़क पर ही पलट गया।
आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या UK-14 PA 5006 में कुल 17 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। हादसे में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से गंगनानी स्वास्थ्य केंद्र उपचार के लिए लाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी यात्री राजस्थान के रहने वाले हैं। हादसे के बाद राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बताया जा रहा है।

